Haryana Milk Recording Scheme : हरियाणा सरकार द्वारा पशुधन को प्रोत्साहित करने के लिए कई योजनाएं चलाई जा रही है। इसी कड़ी में हरियाणा सरकार ने उन पशुपालकों को इनाम देने की योजना बनाई है, जिनकी भैंस व गाय सबसे ज्यादा दूध दे रही है। इसी गौरवशाली पशुधन विरासत को सहेजने और प्रदेश में दुग्ध उत्पादन को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए पशुपालन एवं डेयरी विभाग ने बड़ा कदम उठाया है।
विभाग की मिल्क रिकॉर्डिंग स्कीम के तहत अधिक दूध देने वाले पशुओं के पालकों को चिह्नित कर नकद पुरस्कार (कैश अवार्ड) से नवाजा जा रहा है। इस योजना के तहत हिसार जिले के 225 प्रगतिशील पशुपालकों का चयन किया गया है, जिन्हें कुल 51 लाख 50 हजार रुपए की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। विभाग द्वारा चयनित पशुपालकों को इस बात के लिए जागरूक और पाबंद किया जाएगा कि वे प्रोत्साहन राशि मिलने के बाद कम से कम एक वर्ष तक इन दुधारू पशुओं को न बेचें। पशुपालन विभाग की टीमों
ने जिले के गांव-गांव जाकर पशुओं के दूध देने की वास्तविक क्षमता (मिल्क रिकॉर्डिंग) की जांच की जा रही है। हिसार में कुल 110 मुर्रा भैंसें, 86 हरियाना गायें और 43 साहीवाल गायें अभी इस स्कीम के मानकों पर खरी उतरी हैं। स्कीम मार्च 2027 तक चलेगी।
देश के दुग्ध उत्पादन में हरियाणा का 5.19 प्रतिशत योगदान
पशुपालन के क्षेत्र में हरियाणा देश के अग्रणी राज्यों में शुमार है। 20वीं पशुधन जनगणना 2019 के आंकड़ों पर नजर डालें तो राज्य में 38.49 लाख देशी भैंसें और 7.6 लाख देशी गायें मौजूद हैं। यही कारण है कि हरियाणा देश के कुल दुग्ध उत्पादन में 5.19% की बड़ी हिस्सेदारी निभाता है। वर्ष 2022-23 के आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, प्रदेश का वार्षिक दुग्ध उत्पादन 119.66 लाख टन दर्ज किया गया है। इस समृद्ध उत्पादन की बदौलत हरियाणा में प्रति व्यक्ति प्रतिदिन दूध की उपलब्धता 1098 ग्राम तक पहुंच गई है।
129 देशी गाय व 110 मुर्रा भैंस का चयन
हरियाना और साहीवाल नस्ल की कुल 129 गायों के पालकों को 26.40 लाख रुपए तथा 110 मुर्रा भैंसों के पालकों को 25.50 लाख रुपए मिलेंगे।
मुर्रा भैंस : 18-22 किलो (82 पशु, 20 हजार रुपये), 22-25 किलो (21 पशु, 30 हजार रुपये), 25 किलो से अधिक (07 पशु, 40 हजार रुपये)।
हरियाना प्राय: 8-10 किलो (29 पशु, 15 हजार रुपये), 10-12 किलो (25 पशु, 20 हजार रुपये), 12 किलो से अधिक (32 पशु, 25 हजार रुपये)।
साहीवाल प्राय: 10-12 किलो (7 पशु, 15 हजार रुपये), 12-15 किलो (20 पशु, 20 हजार रुपये), 15 किलो से अधिक (16 पशु, 25 हजार रुपये)।
पशुपालन विभाग के एसडीओ सहीराम श्योराण ने बताया कि मिल्क रिकॉर्डिंग स्कीम के तहत हिसार में 90 मुर्रा भैंस और 130 देसी गायों के लक्ष्य के मुकाबले अब तक 110 भैंस व 129 गाय चिह्नित की जा चुकी हैं। स्कीम 31 मार्च तक चलेगी। टारगेट से अधिक पशुपालकों के मिलने पर भी चयन किया जाएगा।