Jaipur Times — जयपुर टाइम्स
देश और दुनियाहर खबर, आपकी भाषा में

उज्जैन में 237 करोड़ का डीप-टेक पार्क, 855 करोड़ का फॉरेस्ट जू भी होगा विकसित

उज्जैन में 237 करोड़ का डीप-टेक पार्क, 855 करोड़ का फॉरेस्ट जू भी होगा विकसित

Ujjain Development : अब उज्जैन की पहचान सिर्फ महाकाल, मंदिरों और सिंहस्थ तक सीमित नहीं रहेगी। आने वाले वर्षों में यह शहर विज्ञान, आधुनिक तकनीक, अनुसंधान और वन्यजीव पर्यटन के नए केंद्र के रूप में भी उभर सकता है। राज्य सरकार ने उज्जैन के विकास को नई दिशा देने वाली दो बड़ी योजनाओं को मंजूरी की प्रक्रिया में आगे बढ़ाया है।

पहली सौगात है आइआइटी इंदौर की सहभागिता से 100 एकड़ में बनने वाला डीप-टेक अनुसंधान एवं नवाचार पार्क और दूसरी नवलखी बीड़ में प्रस्तावित विश्वस्तरीय फॉरेस्ट जू एवं वाइल्ड लाइफ रेस्क्यू सेंटर। एक परियोजना युवाओं को विज्ञान और तकनीक की दुनिया से जोड़ेगी तो दूसरी उज्जैन को वन्यजीव पर्यटन के नक्शे पर नई पहचान दिला सकती है। ये दोनों परियोजनाएं शहर के भविष्य में निवेश के साथ उज्जैनवासियों के लिए नए अवसरों का रास्ता खोल सकती हैं।

तकनीक की दुनिया में अवंतिका की नई छलांग

उज्जैन में 237 करोड़ के सरकारी अनुदान से डीप-टेक अनुसंधान एवं नवाचार पार्क विकसित किया जाएगा। इसके लिए करीब 100 एकड़ जमीन एमपीआइडीसी उपलब्ध कराएगा। आइआइटी इंदौर इस योजना का प्रमुख शैक्षणिक और अनुसंधान भागीदार होगा। पार्क के संचालन और प्रबंधन के लिए मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में विशेष प्रयोजन कंपनी (एसपीवी) गठित की जाएगी। इसमें मध्यप्रदेश विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद की 70 और एमपीआईडीसी की 30 प्रतिशत हिस्सेदारी रहेगी।

यह है डीप-टेक?

आसान भाषा में समझें तो यह ऐसी आधुनिक तकनीक है, जिसमें वैज्ञानिक शोध के जरिए नई खोज और आविष्कार किए जाते हैं। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), रोबोटिक्स, सेमीकंडक्टर, नई चिकित्सा तकनीक और अंतरिक्ष विज्ञान इसके उदाहरण हैं। इस पार्क में वैज्ञानिक शोध, नई तकनीक विकसित करने, स्टार्टअप शुरू करने और उद्योगों के साथ मिलकर काम करने का अवसर मिलेगा। उज्जैन और आसपास के युवाओं को उच्च्चस्तरीय अनुसंधान से जुड़ने के लिए दूसरे शहरों का रुख कम करना पड़ सकता है। नए स्टार्टअप, तकनीकी संस्थानों और कंपनियों के आने से रोजगार, प्रशिक्षण और निवेश के अवसर भी विकसित हो सकते हैं।

शहरवासियों को यह मिलेगा फायदा

दोनों योजनाओं का लाभ केवल पर्यटकों या वैज्ञानिकों तक सीमित नहीं रहेगा। डीप-टेक पार्क से स्थानीय युवाओं को नई तकनीक सीखने, शोध करने और स्टार्टअप शुरू करने के अवसर मिल सकते हैं। फॉरेस्ट जू से पर्यटन, होटल, परिवहन, खानपान और स्थानीय कारोबार को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। इससे नए रोजगार भी पैदा हो सकते हैं। महाकाल दर्शन के लिए आने वाले लाखों श्रद्धालुओं के पास घूमने के नए विकल्प होंगे। वहीं उज्जैन के विद्यार्थियों को विज्ञान और वन्यजीव संरक्षण को करीब से समझने का अवसर मिलेगा। जरूरत घोषणाओं को समय पर जमीन पर उतारने की है।

नवलखी बीड़ में जंगल और वन्यजीवों की दुनिया

उज्जैन को दूसरी बड़ी सौगात मक्सी रोड स्थित नवलखी बीड़ में प्रस्तावित फॉरेस्ट जू एवं रेस्क्यू सेंटर के रूप में मिलेगी। करीब 210 हेक्टेयर क्षेत्र में विकसित होने वाली इस परियोजना के लिए 855 करोड़ रुपए के निवेश का प्रस्ताव है। कैबिनेट ने योजना को सैद्धांतिक मंजूरी दी है। इसमें अनंत अंबानी की पहल से जामनगर में संचालित वनतारा से जुड़ी ग्रीन्स जूलॉजिकल रेस्क्यू एंड रिहेबिलिटेशन सेंटर सोसायटी की भागीदारी भी प्रस्तावित है।

यहां 300 से अधिक प्रजातियों के वन्यजीवों के संरक्षण, उपचार और पुनर्वास की सुविधाएं विकसित करने की योजना है। जंगल सफारी, आधुनिक पशु चिकित्सालय और वन्यजीवों के प्राकृतिक आवास जैसी व्यवस्थाएं होंगी। पश्चिमी मध्यप्रदेश के घायल और बीमार वन्यजीवों को रेस्क्यू कर उपचार देने में भी यह केंद्र महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

आगे पढ़ें

ताज़ा खबरें, एक के बाद एक

स्क्रॉल करते रहें, अगली खबर अपने आप खुलेगी।

देवउठनी एकादशी पर 11 साल बाद बन रहा खास संयोग, शादी और गृह प्रवेश के लिए शुभ तिथि व समय जाने