Jaipur Times — जयपुर टाइम्स
देश और दुनियाहर खबर, आपकी भाषा में

देवउठनी एकादशी पर 11 साल बाद बन रहा खास संयोग, शादी और गृह प्रवेश के लिए शुभ तिथि व समय जाने

देवउठनी एकादशी पर 11 साल बाद बन रहा खास संयोग, शादी और गृह प्रवेश के लिए शुभ तिथि व समय जाने

Dev Uthani Ekadashi 2026 : पांच महीने से मांगलिक कार्यों पर लगा विराम अब खत्म होने जा रहा है। देवशयनी एकादशी से योगनिद्रा में गए भगवान विष्णु 20 नवंबर को देवउठनी एकादशी पर जागेंगे। इसके साथ ही शादियों का सीजन भी शुरू हो जाएगा। घरों में विवाह की तैयारियां शुरू होंगी और बैंड-बाजे के साथ शहनाइयों की गूंज सुनाई देने लगेगी।

नवंबर और दिसंबर में विवाह के कई शुभ मुहूर्त हैं। इस बार देवउठनी एकादशी पर विशेष नक्षत्र और योग का संयोग भी बन रहा है, जो करीब 11 साल बाद आया है। देवी भवन मंदिर के पंडित सुरेश ने बताया कि 20 नवंबर को देवउठनी एकादशी की तिथि शाम 7 बजकर 16 मिनट पर शुरू होगी, जो अगले दिन सुबह 5 बजकर 32 मिनट तक रहेगी।

इस दिन उत्तराभाद्रपद नक्षत्र और भद्र योग का संयोग बन रहा है। चंद्रमा मीन राशि में रहेंगे। ज्योतिषीय गणना के अनुसार यह विशेष संयोग करीब 11 साल बाद बन रहा है। देवउठनी एकादशी को भगवान विष्णु के जागने के साथ ही विवाह, गृह प्रवेश सहित अन्य मांगलिक कार्यों के लिए रास्ता खुल जाता है।

नवंबर और दिसंबर में 6-6 दिन विवाह के लिए शुभ मुहूर्त, इसके बाद जनवरी में अगला शुभ मुहूर्त

पंडित सुरेश ने बताया कि नवंबर में 20, 21, 22, 24, 25 और 26 नवंबर को विवाह के शुभ मुहूर्त रहेंगे। वहीं दिसंबर में 2, 3, 4, 5, 11 और 12 दिसंबर को शहनाइयां गूंजेंगी। इन तारीखों पर विवाह की तैयारियां की जा सकती हैं। इसके बाद मांगलिक कार्यों के लिए अगला शुभ विवाह मुहूर्त 15 जनवरी से निकलेगा। ऐसे में नवंबर और दिसंबर के इन मुहूतों में विवाह करने वालों के पास सीमित तारीखें रहेंगी।

भगवान विष्णु के शालिग्राम स्वरूप माता तुलसी के विवाह की परंपरा

देवउठनी एकादशी पर भगवान विष्णु के शालिग्राम स्वरूप और माता तुलसी का विवाह कराने की परंपरा है। पंडित सुरेश के अनुसार इस दिन तुलसी विवाह के लिए सुबह का समय शुभ रहेगा, लेकिन सुबह 10:30 से दोपहर 12 बजे तक का समय छोड़ना होगा। इस अवधि में राहुकाल होने के कारण मांगलिक कार्यों से बचने की सलाह दी गई है। श्रद्धालु घरों और मंदिरों में तुलसी विवाह का आयोजन करेंगे। मान्यता है कि इस दिन तुलसी और शालिग्राम का विवाह कराने से घर में सुख-समृद्धि आती है।

पांच महीने से रुके थे मांगलिक कार्य

हिंदू पंचांग की मान्यता के अनुसार देवशयनी एकादशी पर भगवान विष्णु क्षीरसागर में योगनिद्रा में चले जाते हैं। इसके बाद देवउठनी एकादशी तक विवाह, गृह प्रवेश और अन्य मांगलिक कार्य नहीं किए जाते। अब भगवान विष्णु के जागने के साथ ही मांगलिक कार्यों की शुरुआत होगी। इसी के साथ विवाह समारोहों की रौनक लौटेगी और बाजारों में भी खरीदारी बढ़ने की उम्मीद है।

आगे पढ़ें

ताज़ा खबरें, एक के बाद एक

स्क्रॉल करते रहें, अगली खबर अपने आप खुलेगी।

उज्जैन में 237 करोड़ का डीप-टेक पार्क, 855 करोड़ का फॉरेस्ट जू भी होगा विकसित