Badhal Railway Station : राजस्थान के सीकर जिले में स्थित बाबा खाटूश्यामजी मंदिर में करोड़ों लोगों की आस्था है और जन्मोत्सव व दूसरे बड़े आयोजनों पर यहां पर लाखों की संख्या में हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, यूपी, एमपी, गुजरात से श्रद्धालु पहुंचते है। इसके कारण देश के अलग-अलग राज्यों से आने वाली ट्रेन रींगस रेलवे स्टेशन पर पहुंचती है और वहां पर यात्रियों की भारी भीड़ रहती है।
लेकिन रेलवे विभाग ने दूसरा विकल्प सुंदरपुरा रेलवे स्टेशन के तौर पर चुना था और उसका निर्माण हो रहा है, लेकिन रेलवे विभाग ने श्रद्धालुओं की यात्रा को आसान बनाने के लिए तीसरे रेलवे स्टेशन को विकसित करने की योजना बनाई है। यह रेलवे स्टेशन बघाल स्टेशन होगा।
इस तीसरे स्टेशन के विकसित होने के बाद श्रद्धालुओं को भीड़ छट जाएगी और एक जगह पर ज्यादा भीड़ नहीं होगी। इससे रींगस स्टेशन से दो अन्य स्टेशनों पर यात्री भार बांटने से इस रोड पर जाम से राहत मिले जाएगी। जयपुर ग्रामीण सांसद राव राजेंद्र सिंह ने भी रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव से बधाल स्टेशन विकसित करने की मांग की थी।
कम बजट में विकसित होगा रेलवे स्टेशन
खाटूश्यामजी के भक्तों के लिए कम बजट में तीसरा विकल्प खुलेगा। यह स्टेशन मंदिर के नजदीक ही स्थिति है। पहले से रेलवे ट्रैक और बुनियादी ढांचा मौजूद है। ऐसे में प्लेटफॉर्म विस्तार, यात्री शेड, वेटिंग हॉल, फुट ओवरब्रिज और सर्कुलेटिंग एरिया विकसित करने में नए स्टेशन की तुलना में कम समय और बजट लग सकता है।
प्रतिदिन लाखों से ज्यादा संख्या में आते है श्रद्धालु
खाटूश्याम मंदिर में सालभर देशभर से लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं। रेल से आने वाले यात्रियों के लिए फिलहाल रींगस प्रमुख विकल्प है। एकादशी और फाल्गुन लक्खी मेले के दौरान यहां रोजाना 30 हजार से बढ़कर 80 हजार से एक लाख तक यात्री पहुंचते हैं। सीमित क्षमता के चलते रेलवे को भीड़ प्रबंधन में परेशानी होती है।
पूर्व रेलवे अधिकारी यशवंत कुमार शर्मा ने बताया कि तीनों स्टेशनों के विकसित होने से रींगस पर यात्रीभार बंटेगा। साथ ही रींगस खाटूश्यामजी मार्ग पर मेले के दौरान लगने वाले जाम से भी राहत मिल सकती है। भौगोलिक स्थिति के लिहाज से रींगस, सुंदरपुरा और बधाल खाटूधाम के आसपास तीन दिशाओं से रेल सुविधा उपलब्ध करा सकते हैं।


