Haryana Sports Infrastructure : हरियाणा सरकार द्वारा प्रत्येक जिले में खेल की सुविधाओं को बढ़ाया जा रहा है, ताकि ग्रामीण आंचाल से निकलने वाली खिलाड़ी अपने खेल को सुधार सके। जहां पर जिला स्तर पर ही उनको अंतरराष्ट्रीय मानकों के हिसाब से खेल सुविधाएं उपलब्ध हो सके।
हरियाणा सरकार ने सोनीपत शहर के सेक्टर-4 स्थित करीब 30 एकड़ में फैले खेल स्टेडियम के कायाकल्प की योजना बनाई है। सोनीपत महानगर विकास प्राधिकरण ने स्टेडियम को अंतरराष्ट्रीय स्तर की आधुनिक सुविधाओं से लैस करने का खाका तैयार कर लिया है। इसके जीर्णोद्धार और नए निर्माण कार्यों पर करीब 36 करोड़ रुपये का बजट खर्च किया जाएगा। स्टेडियम में 6 खेलों की सुविधा बढ़ जाएगी। एक तरह से यह खेलों का हब हो जाएगा।
फिलहाल इस 30 एकड़ के विशाल स्टेडियम परिसर में मुख्य रूप से केवल हाकी और एथलेटिक्स के अभ्यास की ही सुविधा उपलब्ध है। खेल विभाग के पास पर्याप्त बजट न होने के कारण मैदानों की हालत खस्ता थी और रख-रखाव के अभाव में खिलाड़ियों के प्रशिक्षण में भारी बाधा आ रही थी। खिलाड़ियों को हो रही परेशानी व स्टेडियम की जर्जर हालत को देखते हुए इसके विकास का जिम्मा एसएमडीए को सौंपा गया। सेक्टर-4 स्टेडियम में खेल विभाग की नर्सरियों के अलावा निजी प्रशिक्षकों के पास रोजाना करीब 1500 से दो हजार खिलाड़ी अभ्यास करने आते हैं।


