Mukhyamantri Vishwakarma Samman Yojana : हरियाणा सरकार द्वारा विभिन्न कामों के कारिगरों को प्रोत्साहित करने के लिए नई योजना की शुरुआत की है। जहां पर विभिन्न कामों को करने वाले कारिगरों के बैंक खातों में सरकार द्वारा पांच हजार रुपये दिए जाएंगे। सरकार का इसका पीछे उनके हुनर को बढ़ावा देना है।
हरियाणा सरकार ने प्रदेश के पारंपरिक कारीगरों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए मुख्यमंत्री विश्वकर्मा सम्मान योजना अधिसूचित कर दी है। इसके तहत पीएम विश्वकर्मा योजना में पंजीकृत और एक सप्ताह की बेसिक स्किल ट्रेनिंग पूरी करने वाले पात्र कारीगरों को 5000 रुपये की एकमुश्त आर्थिक सहायता दी जाएगी। यह राशि केंद्र सरकार की ओर से मिलने वाले ऋण और प्रोत्साहन राशि के अतिरिक्त होगी।
उद्योग एवं वाणिज्य विभाग द्वारा अधिसूचित योजना के अनुसार प्रदेश में पीएम विश्वकर्मा योजना के तहत 41 हजार से अधिक कारीगर पंजीकृत हैं। राज्य सरकार ने इन कारीगरों को बेहतर औजार खरीदने, स्वरोजगार और उद्यमिता को बढ़ावा देने तथा उनके उत्पादों की गुणवत्ता और बाजार तक पहुंच बढ़ाने के उद्देश्य से यह टापअप प्रोत्साहन योजना शुरू की है।
योजना का लाभ 18 पारंपरिक व्यवसायों से जुड़े कारीगरों को मिलेगा। इनमें हथियार बनाने वाले, नाई, टोकरी चटाई और झाडू बनाने वाले, नाव निर्माता, बढ़ई, मोची, पारंपरिक गुड़िया एवं खिलौना निर्माता, मछली पकड़ने का जाल बनाने वाले, माला बनाने वाले, सुनार, हथौड़ा एवं टूलकिट निर्माता, ताला बनाने वाले, राजमिस्त्री, धातु कारीगर, कुम्हार, मूर्तिकार एवं पत्थर तराशने वाले, दर्जी और धोबी शामिल हैं।
योजना का लाभ लेने के लिए आवेदक का हरियाणा का निवासी होना और उसके पास प्रदेश सरकार की ओर से जारी परिवार पहचान पत्र (पीपीपी) आइडी होना अनिवार्य है। पीएम विश्वकर्मा योजना के तहत पंजीकृत होना जरूरी है। पात्र कारीगरों को हरियाणा के एमएसएमई निदेशालय के वेब पोर्टल पर पीपीपी आइडी के माध्यम से आनलाइन आवेदन करना होगा।


