Jaipur Times — जयपुर टाइम्स
देश और दुनियाहर खबर, आपकी भाषा में

हरियाणा में 2900 रुपये भी नहीं मिल रहे, राजस्थान का बाजरा 7000 रुपये क्विंटल पार, फिर भी किसान नहीं बेच रहे फसल

हरियाणा में 2900 रुपये भी नहीं मिल रहे, राजस्थान का बाजरा 7000 रुपये क्विंटल पार, फिर भी किसान नहीं बेच रहे फसल

Bajra Price Update : हरियाणा के किसानों का बाजरा भावांतर योजना के बावजूद 2900 रुपये क्विंटल नहीं बिक रहा है, वहीं राजस्थान में बाजरा 7000 रुपये क्विंटल तक पहुंच गया है। भाव में इतना उछाल आने के बावजूद राजस्थान के मारवाड़ क्षेत्र के किसान फिर भी बाजरा बेचने को तैयार नहीं है।

सेहत और स्वाद के लिए देशभर में पहचान रखने वाले मारवाड़ के देशी बाजरे की पैदावार बेहद कम हुई है। नतीजतन इसकी कीमत रिकार्ड स्तर पर पहुंचकर 7 हजार रुपए प्रति क्विंटल तक हो गई है। हैरानी की बात यह है कि इतनी ऊंची कीमत मिलने के बावजूद किसान इसे बेचने से परहेज कर रहे है। वहीं, हाईब्रिड बाजरे के भाव में भी गत वर्ष के मुकाबले 400 रुपए प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी हुई है। इससे आम परिवारों की मुश्किलें बढ़ गई है।

स्वाद और गुणवत्ता में अलग पहचान

मारवाड़ का देशी बाजरा अपनी गुणवत्ता और मीठे स्वाद के लिए देशभर में प्रसिद्ध है। स्वास्थ्य के लिहाज से फायदेमंद होने के कारण अधिकांश लोग इससे बनी रोटी खाना पसंद करते हैं। रेतीले धोरों में बिना रासायनिक खाद के उगने वाले देशी बाजरे का दाना आकार में छोटा और पीले रंग का होता है। इसके मुकाबले हाईब्रिड बाजरे का दाना बड़ा तथा हल्के सफेद और काले रंग का होता है। स्वाद में भी यह देशी बाजरे से कम मीठा होता है। देशी बाजरे की खासियत के चलते इसकी मांग हमेशा बनी रहती है।

उपज घटी तो मंडियों में रिकार्ड भाव

इस वर्ष अकाल के कारण देशी बाजरे का उत्पादन बेहद कम हुआ है। स्थानीय मंडियों में गुणवत्ता के अनुसार इसके भाव औसतन 4500 से 6500 रुपए प्रति क्विंटल तक रहे, जबकि अधिकतम कीमत 7 हजार रुपए प्रति क्विंटल पहुंच गई। गत वर्ष देशी बाजरा 4000 से 4200 रुपए प्रति क्विंटल बिका था। व्यापारियों के अनुसार, कम उपज के चलते किसान परिवार अपनी भोजन संबंधी जरूरतों को देखते हुए बाजरा बेचने से परहेज कर रहे हैं। दूसरी ओर, बाजार में हाईब्रिड बाजरा 3200 से 3300 रुपए प्रति क्विंटल बिक रहा है। इसके भाव में भी गत वर्ष के मुकाबले 400 रुपए की बढ़ोतरी हुई है।

जीवन में पहली बार इतने ऊंचे भाव देखे

अनाज के थोक कारोबारी मदन कुमार दानी ने बताया कि इस बार देशी बाजरे की उपज बहुत कम हुई है। इसके चलते भाव 7 हजार रुपए प्रति क्विंटल तक पहुंच गए हैं। उन्होंने कहा कि अपने जीवन में पहली बार देशी बाजरे को इतनी ऊंची कीमत पर बिकते देखा है। किसान परिवार अपनी सेहत और जरूरत को देखते हुए ऊंचे भाव मिलने पर भी इसे बेचने को तैयार नहीं हैं। हाईब्रिड बाजरे की कीमत में भी औसतन 400 रुपए प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी हुई है।

आगे पढ़ें

ताज़ा खबरें, एक के बाद एक

स्क्रॉल करते रहें, अगली खबर अपने आप खुलेगी।

हरियाणा के इस शहर में गंदगी पर डिजिटल वार, नगर निगम का नया ऐप करेगा हर वार्ड की निगरानी