Jaipur Times — जयपुर टाइम्स
देश और दुनियाहर खबर, आपकी भाषा में

जयपुर में बच्चों को निमोनिया से बचाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने शुरू किया सांस अभियान

जयपुर स्वास्थ्य विभाग ने सर्दी के मौसम में बच्चों को निमोनिया से सुरक्षित रखने के लिए सांस अभियान का आगाज किया है, जिसमें घर-घर स्क्रीनिंग की जाएगी।

मिनी स्वास्थ्य भवन में सांस अभियान की प्रचार सामग्री का विमोचन करते अधिकारी
मिनी स्वास्थ्य भवन में सांस अभियान की प्रचार सामग्री का विमोचन करते अधिकारी

जयपुर। सर्दी के दस्तक देते ही तापमान में गिरावट के साथ बच्चों में निमोनिया का खतरा बढ़ जाता है। इस गंभीर बीमारी से नन्हे-मुन्नों को बचाने और लक्षणों की समय रहते पहचान करने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग ने सांस अभियान की शुरुआत की है। इस अभियान की प्रचार सामग्री का अनावरण बुधवार को मिनी स्वास्थ्य भवन में कार्यवाहक मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सुरेन्द्र गोयल और डिप्टी सीएमएचओ डॉ. सौरभ आर्य द्वारा किया गया।

विश्व निमोनिया दिवस के अवसर पर 12 नवंबर से शुरू हुआ यह अभियान 28 फरवरी 2027 तक जारी रहेगा। डॉ. सुरेन्द्र गोयल ने बताया कि इस दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर बच्चों के स्वास्थ्य की निगरानी करेंगी। आशा सहयोगिनियों और एएनएम को विशेष रूप से अभिभावकों को जागरूक करने और निमोनिया के शुरुआती लक्षणों को पहचानने का जिम्मा सौंपा गया है। स्वास्थ्य केंद्रों पर जांच और उपचार की व्यवस्थाओं को भी सुदृढ़ किया जा रहा है ताकि किसी भी बच्चे को इलाज के लिए भटकना न पड़े।

जिला प्रजनन एवं शिशु स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रमिला मीणा ने स्पष्ट किया कि अभियान का मुख्य जोर जनजागरूकता और उपचार की सुलभता पर है। जन्म से लेकर पांच वर्ष तक के बच्चों की स्क्रीनिंग की जाएगी ताकि बीमारी को गंभीर रूप लेने से पहले ही नियंत्रित किया जा सके। ब्लॉक और सेक्टर स्तर पर एएनएम, सीएचओ और आशा कार्यकर्ताओं को विशेष प्रशिक्षण दिया गया है ताकि वे बच्चों की देखभाल और उपचार में प्रभावी भूमिका निभा सकें।

सभी बीसीएमओ और चिकित्सा अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने क्षेत्रों में इस अभियान को पूरी गंभीरता से लागू करें। सर्दी के मौसम में बच्चों की सेहत को लेकर विभाग ने एक व्यापक कार्ययोजना तैयार की है। समय पर पहचान और सही उपचार ही इस बीमारी से बचाव का सबसे प्रभावी तरीका है। स्वास्थ्य विभाग का प्रयास है कि इस अभियान के माध्यम से जिले में निमोनिया के कारण होने वाली जटिलताओं को न्यूनतम स्तर पर लाया जाए।

आगे पढ़ें

ताज़ा खबरें, एक के बाद एक

स्क्रॉल करते रहें, अगली खबर अपने आप खुलेगी।

महू-नीमच हाईवे पर बड़े की रफ्तार, बेढंगे स्पीड ब्रेकरों पर चला बुलडोजर