सुमेरपुर, पाली। सुमेरपुर विधानसभा क्षेत्र में आगामी ग्रीष्मकाल के दौरान पेयजल और पशुधन के लिए पानी की किल्लत को दूर करने के लिए प्रशासन ने कमर कस ली है। कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत के निर्देश पर जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग ने समर कंटिंजेंसी 2025-26 के तहत एक विस्तृत कार्ययोजना तैयार की है। इस योजना के माध्यम से सुमेरपुर ब्लॉक के ग्रामीण क्षेत्रों में पानी की समस्या का स्थायी समाधान करने का प्रयास किया जाएगा।
विभाग द्वारा तैयार किए गए 115 प्रस्तावों की कुल लागत लगभग 25.47 करोड़ रुपये प्रस्तावित की गई है। पाली जिले में कुल 56.78 करोड़ रुपये के कार्य प्रस्तावित हैं, जिनमें सुमेरपुर का हिस्सा प्रमुख है। मंत्री कुमावत ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि गर्मी के दौरान ग्रामीणों और गोवंश के लिए पानी की कोई कमी नहीं होनी चाहिए। इसके लिए विभाग ने हर गांव के स्थानीय जल स्रोतों को मजबूत करने पर विशेष ध्यान केंद्रित किया है।
योजना के तहत नए ट्यूबवेल का निर्माण, पुराने कुओं की डी-सिल्टिंग और डीपिंग, पंप हाउस की मरम्मत और क्षतिग्रस्त राइजिंग लाइनों को बदलने का कार्य किया जाएगा। साथ ही, स्थानीय स्रोतों को ओवरहेड सर्विस रिजर्वायर से जोड़ने की व्यवस्था भी की जा रही है। इन तकनीकी सुधारों से पानी की आपूर्ति में निरंतरता बनी रहेगी और पशुपालकों को भी बड़ी राहत मिलेगी।
इस योजना से सुमेरपुर उपखंड के देवतरा, गुड़िया बलाना, खिवांदी, सिन्दरू, बिरामी, बांगड़ी, जवाई बांध क्षेत्र और जवाई नदी किनारे बसे गांवों सहित कुल 38 गांव लाभान्वित होंगे। इसके अलावा तखतगढ़ उपखंड के अन्नोपपुरा, बाबागांव, बड़गांवड़ा, धना और लापोद सहित कई गांव इस कार्ययोजना का हिस्सा हैं। विभागीय अधिकारियों के अनुसार, वित्त विभाग से प्रस्तावों को मंजूरी मिल चुकी है और अब इन्हें प्रशासनिक स्वीकृति के लिए उच्च स्तर पर भेजा गया है।
मंत्री जोराराम कुमावत ने इस महत्वपूर्ण योजना के लिए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और पीएचईडी मंत्री कन्हैयालाल चौधरी का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक स्वीकृति मिलते ही युद्ध स्तर पर कार्य शुरू किए जाएंगे ताकि गर्मी के चरम पर पहुंचने से पहले सभी व्यवस्थाएं पूरी हो सकें। मंत्री ने यह भी आश्वासन दिया कि अन्य गांवों में भी आवश्यकतानुसार नई योजनाएं बनाकर उन्हें स्वीकृत करवाया जाएगा ताकि आमजन को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।


