Ajmer Development Authority : राजस्थान के सबसे ज्यादा बसों के लोड वाले अजमेर के बस स्टैंड की कायाकल्प होने वाली है। इसको देश के प्रमुख बस स्टैंड की तर्ज पर विकसित किया जाएगा और इसमें ई-बस, वोल्वो बस व अन्य बसों के लिए अलग प्लेटफार्म बनाए जाएंगे, ताकि यात्रियों को परेशानी नहीं हो। केन्द्रीय बस स्टैण्ड के प्रस्तावित नवनिर्माण को लेकर एडीए और राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम (रोडवेज) के बीच जल्द ही एमओयू होगा।
जिसके बाद एडीए द्वारा बस स्टैण्ड का निर्माण शुरु किया जाएगा। नया बस स्टैण्ड करीब डेढ़ साल में तैयार होगा। रोडवेज द्वारा अपने कार्यालय अन्यत्र स्थानांतरित करना प्रारंभ कर दिया गया है। रोडवेज प्रबंधन द्वारा डोम्स कम्पाउण्ड के पास किराये पर लिए भवन में स्टाफ ने बैठना शुरु कर दिया है। रोडवेज और एडीए अधिकारियों की बैठक में विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई। विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने दोनों विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए है।
50 साल की प्लानिंग बनाकर तैयार किया जाएगा बस स्टैंड
राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम द्वारा कंसल्टेंसी फर्म पीडीकोर को बताई जाने वाली जरुरतों के मुताबिक नक्शा तैयार होगा। वर्तमान में रोडवेज बस स्टैण्ड पर प्रतिदिन करीब सात सौ बसों की आवाजाही रहती है। नए बस स्टैंड का निर्माण अगले 50 वर्षों के अनुमानित यात्रीभार, स्टाफ व बसों की आवाजाही के आंकड़ों के आधार पर करना होगा। कंसल्टेंसी फर्म द्वारा तैयार किया जाने वाला प्लान रोडवेज मुख्यालय से अनुमोदित होने के बाद ही निर्माण शुरु किया जाएगा। रोडवेज और एडीए में सफाई का विवाद भी तकरीबन सुलझ गया है। सफाई एडीए द्वारा ही कराई जाएगी। बस स्टैंड पर एडीए 25 प्रतिशत जमीन लेगा।
नए स्टैंड पर होंगी कई सुविधाएं
नए बस स्टैण्ड पर प्लेटफार्म, टिकट काउन्टर, पब्लिक अनाउसमेंट सिस्टम, मॉर्डन टॉयलेट, गार्डन सहित सुविधाजनक वेटिंग हॉल बनाया जाएगा। बसों के आवागमन का डिजिटल डिस्प्ले सिस्टम लगेगा। ई-बस चार्जिंग स्टेशन, डीजल पम्प की भी व्यवस्था होगी। वॉल्वो-एसी बसों सहित विभिन्न शहरों के लिए अलग-अलग प्लेटफार्म विकसित होंगे। बस स्टैण्ड में वर्कशॉप की जमीन शामिल होने से अधिक बसों का संचालन हो सकेगा।
पुराने भवन को किया जाएगा ध्वस्त
निर्माण से पहले रोडवेज बस स्टैंड के मौजूदा भवन को गिराया जाएगा। इस दौरान बस स्टैंड परिसर स्थित वर्कशॉप एरिया से बसों का संचालन होगा। जिसके लिए टिकट केबिन और विडो वहां शिफ्ट की जाएंगी।


