पत्रकारिता लोकतंत्र की शक्ति, मर्यादाओं में रहकर करें निर्भीक कार्य: विधानसभा अध्यक्ष देवनानी
राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने राजस्थान पत्रकार परिषद के दीपावली स्नेह मिलन में पत्रकारों को निष्पक्ष और मर्यादित पत्रकारिता का संदेश दिया।
राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी वरिष्ठ पत्रकारों को सम्मानित करते हुए
जयपुर। राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने विद्याधर नगर में आयोजित राजस्थान पत्रकार परिषद के दीपावली स्नेह मिलन एवं सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का एक सशक्त स्तंभ है। उन्होंने अपने 55 वर्षों के मीडिया से जुड़ाव का उल्लेख करते हुए पत्रकारों से आह्वान किया कि वे मर्यादाओं का पालन करते हुए निर्भीक और निष्पक्ष पत्रकारिता को प्राथमिकता दें। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता न केवल वर्तमान का चित्रण करती है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए समय का प्रमाण भी सुरक्षित रखती है।
समारोह में अपने विचार रखते हुए स्पीकर देवनानी ने कहा कि लोकतंत्र में असहमति का सम्मान होना चाहिए और संवैधानिक संस्थाओं के प्रति श्रद्धा बनी रहनी चाहिए। उन्होंने भारत के स्वतंत्रता संग्राम में पत्रकारों के योगदान को याद करते हुए कहा कि राजा राममोहन राय और महात्मा गांधी जैसे महापुरुषों ने पत्रकारिता को सामाजिक परिवर्तन का माध्यम बनाया था। आज के दौर में संसदीय पत्रकारिता की भूमिका और भी महत्वपूर्ण हो गई है, क्योंकि यह सदन की कार्यवाही और जनहित के निर्णयों को आम जनता तक पहुँचाने का कार्य करती है।
डिजिटल क्रांति और कृत्रिम बुद्धिमत्ता के दौर पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि सूचना की गति बढ़ने के साथ ही उसकी सत्यता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करना एक बड़ी चुनौती है। तकनीक सूचना का विश्लेषण तो कर सकती है, लेकिन मानवीय संवेदना और नैतिक विवेक पत्रकारिता के मूल आधार हैं। उन्होंने पत्रकारों को समाज के सकारात्मक पहलुओं को भी पर्याप्त स्थान देने की सलाह दी।
श्री देवनानी ने ग्रामीण पत्रकारिता को लोकतंत्र की जमीनी संवेदना बताते हुए कहा कि दूरस्थ अंचलों के पत्रकार स्थानीय समस्याओं और विकास योजनाओं की वास्तविक स्थिति को सामने लाकर व्यवस्था को जनसामान्य से जोड़ते हैं। उन्होंने पत्रकारिता के क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने पर भी जोर दिया, ताकि सामाजिक प्रश्नों की बेहतर अभिव्यक्ति हो सके।
कार्यक्रम में विधायक कालीचरण सराफ, मेयर सुनील कोठारी और परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष बलविंदर सिंह जम्मू ने भी अपने विचार रखे। समारोह के दौरान पत्रकारिता और सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले तेरह वरिष्ठ पत्रकारों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। परिषद के अध्यक्ष रोहित सोनी ने अतिथियों का स्वागत किया और कार्यकारी अध्यक्ष गिरिराज अग्रवाल ने आभार व्यक्त किया।