Farrukhnagar Loharu Rail Corridor : रेलवे विभाग द्वारा हरियाणा को नया रेल कारिडोर मंजूर किया है। नए रेल कारिडोर को बनाने के लिए प्रक्रिया को तेजी से किया जा रहा है और जल्द ही इसकी कार्रवाई धरातल पर नजर आएगी। रेलवे विभाग द्वारा दक्षिण हरियाणा को नई रेल कनेक्टिविटी देने के लिए फर्रुखनगर-लोहारू तक नया रेल कारिडोर को लेकर फाइनल लोकेशन सर्वे पूरा कर लिया गया है।
इसके लिए जिन गांवों की जमीन से यह नई रेल लाइन यानी नया रेल कारिडोर निकलना है, वहां पर मशीनों से रूट सर्वे और निशानदेही कर दी है। इसके लिए फिलहाल हरियाणा के गांव निहालगढ़, बेरला, कान्हड़ा सहित कई गांवों में निशानदेही की। फर्रुखनगर-लोहारू रेल कारिडोर की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट यानी डीपीआर, उस पर लगने वाली लागत और रेट आर्फ रिटर्न का निर्धारण किया जाएगा।
इसके बाद जिन गांवों की जमीन इस रेल कारिडोर में आएगी उनकी जमीन का अधिग्रहण किया जाएगा और हरियाणा सरकार की पालिसी के अनुसार किसानों की जमीन का अधिग्रहण किया जाएगा। ऐसे में जिन किसानों की जमीन इस रेल कारिडोर में आएगी, उनको रेलवे विभाग की तरफ से प्रशासन के माध्यम से मोटा मुआवजा दिया जाएगा। हरियाणा इकोनॉमिक रेल कॉरिडोर का हिस्सा है। इसे गढ़ी हरसरू-फर्रुखनगर-झज्जर-दादरी-लोहारू तक विकसित करने की योजना है।
चरखी दादरी जिले में बनाए जाएंगे तीन रेलवे स्टेशन
फर्रुखनगर-लोहारू रेल कारिडोर के लिए हर तरह की सुविधाओं पर विचार किया जा रहा है। जहां पर नए रेलवे स्टेशन निर्माण का भी प्लान तैयार कर लिया गया है। इसके तहत चरखी दादरी जिले के निमली, तिवाला और निहालगढ़ में रेलवे स्टेशन बनाने का प्लान है। इसमें फर्रुखनगर, नांगल, सिलाना, झज्जर, आच्छेज, निमली, दादरी, तिवाला, निहालगढ़, नांदा और लोहारू की सीधी कनेक्टिविटी होगी। फर्रुखनगर-लोहारू रेल कारिडोर के माध्यम से दक्षिण हरियाणा के कई शहरों व गांवों की गुरुग्राम सहित दिल्ली के कनेक्टिविटी आसान हो जाएगी।


