Dev Uthani Ekadashi 2026 : इस वर्ष देवउठनी यानी देवोत्थानी एकादशी पर वर्षों बाद विशेष ज्योतिषीय संयोग बन रहा है। ज्योतिषीय गणना के अनुसार, चंद्रमा और देवगुरु बृहस्पति के मिलन से नवपंचम राजयोग का निर्माण होगा। इस संयोग से पर्व का धार्मिक और ज्योतिषीय महत्व बढ़ गया है। इसी दिन चार महीने से चल रहे चातुर्मास का भी समापन होगा। शहर के विभिन्न मठों, आश्रमों और मंदिरों में चातुर्मास के दौरान चल रहे धार्मिक अनुष्ठानों की पूर्णाहुति की तैयारियां की जा रही है।
तीन राशियों के लिए विशेष शुभ
ज्योतिषाचार्य जनार्दन शुक्ला ने बताया कि चंद्रमा के धनु राशि में प्रवेश से नवपंचम राजयोग बनेगा। इसका प्रभाव सभी राशियों पर पड़ेगा, लेकिन मेष, धनु और कुंभ राशि के जातकों के लिए यह विशेष फलदायी रहेगा। मेष राशि वालों के अटके काम पूरे होने और आय के नए स्रोत बनने के योग है। नौकरीपेशा लोगों को पदोन्नति और वेतन वृद्धि का लाभ मिल सकता है। धनु राशि वालों को नई जिम्मेदारियां मिलेंगी और मान- सम्मान बढ़ेगा। वहीं, कुंभ राशि के कारोबारियों के लिए समय लाभदायक रहेगा और करियर में तरक्की के नए रास्ते खुलेंगे।
संतों का चातुर्मास होगा पूरा
संस्कारधानी के गढ़ा, गौरीघाट, राइट टाउन, ओमती और सदर सहित विभिन्न क्षेत्रों के मठों और मंदिरों में साधु-संत पिछले चार महीनों से चातुर्मास व्रत कर रहे हैं। देवोत्थानी एकादशी पर चातुर्मास समाप्त होगा। मठों-आश्रमों में अनुष्ठान किए जाएंगे।
गृहस्थ के लिए 20, वैष्णव के लिए 21 नवंबर को व्रत
ज्योतिर्विदों के अनुसार, कार्तिक शुक्ल एकादशी तिथि 20 नवंबर को सुबह 7:15 बजे शुरू होकर 21 नवंबर को सुबह 6:31 बजे तक रहेगी। गृहस्थ यानी स्मार्त परंपरा के श्रद्धालु 20 नवंबर को व्रत रखेंगे, जबकि वैष्णव और इस्कॉन परम्परा के अनुयायी 21 नवंबर को व्रत करेंगे। इसी दिन तुलसी और भगवान शालिग्राम का विवाह भी कराया जाएगा।
पारण का समय- स्मार्त श्रद्धालु 21 नवंबर को दोपहर 1:11 से 3:18 बजे के बीच व्रत खोल सकेंगे। वहीं, वैष्णव श्रद्धालुओं के लिए 22 नवंबर को सुबह 6:49 से 8:56 बजे तक पारण का समय बताया गया है।


