Jaipur Times — जयपुर टाइम्स
देश और दुनियाहर खबर, आपकी भाषा में

जयपुर में किसानों और ग्रामीण उद्यमियों के लिए पेंशन सुरक्षा का महा-अभियान, एनपीएस संचय कार्यक्रम आयोजित

जयपुर में पेंशन निधि विनियामक और विकास प्राधिकरण द्वारा एनपीएस संचय आउटरीच कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसका उद्देश्य ग्रामीण वर्ग को पेंशन से जोड़ना है।

जयपुर में आयोजित एनपीएस संचय आउटरीच कार्यक्रम का दृश्य
जयपुर में आयोजित एनपीएस संचय आउटरीच कार्यक्रम का दृश्य

जयपुर। पेंशन निधि विनियामक और विकास प्राधिकरण तथा राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति, राजस्थान के मार्गदर्शन में जयपुर में एनपीएस संचय आउटरीच कार्यक्रम का आयोजन किया गया। शुक्रवार को एक निजी होटल में आयोजित इस विशेष जागरूकता सत्र का मुख्य उद्देश्य किसानों, किसान उत्पादक संगठनों के सदस्यों और ग्रामीण उद्यमियों को वृद्धावस्था की वित्तीय सुरक्षा के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम का संचालन अग्रणी जिला प्रबंधक राजेश आर. जैन द्वारा किया गया।

इस अवसर पर पेंशन निधि विनियामक और विकास प्राधिकरण के अधिकारी शुभम खंडेलवाल, डॉ. ऋतिविक भावसर, अंजिक्या और आशीष पँवार ने योजना की बारीकियों पर प्रकाश डाला। नाबार्ड के जिला विकास अधिकारी किशोर मेहरा और भारतीय स्टेट बैंक के सहायक महाप्रबंधक प्रचुर गुप्ता, कमलेश कुमार बैरवा एवं महेश शर्मा ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। विशेषज्ञों ने कृषि और उससे जुड़ी गतिविधियों में लगे लोगों के लिए पेंशन योजना के महत्व को समझाते हुए निवेश के विभिन्न विकल्पों की जानकारी दी।

कार्यक्रम में विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधियों, सीएसपी संचालकों और रुडसेट केनरा बैंक विद्याधर नगर के प्रशिक्षार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। आयोजन स्थल पर ही इच्छुक प्रतिभागियों के लिए ऑन-द-स्पॉट पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध कराई गई, जिसका बड़ी संख्या में लोगों ने लाभ उठाया। प्रतिभागियों के लिए आयोजित प्रश्नोत्तरी सत्र में विजेताओं को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के अंत में अग्रणी जिला प्रबंधक कार्यालय के गणेश कुमार और राहुल गुप्ता ने सभी उपस्थित किसानों, बैंक अधिकारियों, जिला बैंक समन्वयकों और आरोह फाउंडेशन की टीम का आभार व्यक्त किया। इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण अर्थव्यवस्था से जुड़े लोगों को भविष्य के प्रति आश्वस्त करना और उन्हें सरकारी पेंशन योजनाओं के दायरे में लाना है। यह आयोजन वित्तीय साक्षरता को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

आगे पढ़ें

ताज़ा खबरें, एक के बाद एक

स्क्रॉल करते रहें, अगली खबर अपने आप खुलेगी।

राजस्थान के 15 जिलों के किसान, पशुपालकों पर सरकार की धनवर्षा, 9321 करोड़ के राहत पैकेज का किया ऐलान