जयपुर। कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की चतुर्थी तिथि से भगवान सूर्य देव की उपासना का चार दिवसीय महापर्व डाला छठ जयपुर में पूरी श्रद्धा और उत्साह के साथ शुरू हो गया है। बिहार समाज संगठन के बैनर तले आयोजित इस महोत्सव का शुभारंभ नहाय-खाय की परंपरा के साथ हुआ। व्रत रखने वाले श्रद्धालुओं ने पवित्र स्नान के बाद सात्विक भोजन ग्रहण कर इस कठिन तपस्या की शुरुआत की है।
आज खरना का व्रत अत्यंत महत्वपूर्ण माना जाता है। इस दिन श्रद्धालु पूरे दिन निर्जला उपवास रखते हैं और शाम को घर में ही गुड़ की खीर का प्रसाद तैयार करते हैं। केले के पत्ते पर खीर, मौसमी फल और तुलसी रखकर सूर्य देव को घी का दीपक जलाकर भोग लगाया जाता है। इस प्रसाद को ग्रहण करने के बाद ही श्रद्धालु निर्जला निराहार उपवास में प्रवेश करते हैं। समाज के लोगों का मानना है कि खरना का प्रसाद अत्यंत पवित्र होता है और इसे दूसरों के साथ बांटकर खाने की परंपरा है।
राष्ट्रीय महामंत्री चंदन कुमार मंडल ने बताया कि इस वर्ष जयपुर में 51 विभिन्न स्थानों पर डाला छठ पूजा का आयोजन किया जा रहा है। इनमें आमेर मावटा, एनबीसी के पीछे स्थित दुर्गा विस्तार कॉलोनी और विश्वकर्मा स्थित रॉयल सिटी माचवा जैसे प्रमुख स्थान शामिल हैं। इन सभी जगहों पर समाज के लोग एकजुट होकर लोक आस्था के इस महापर्व को धूमधाम से मनाएंगे।
महोत्सव का मुख्य केंद्र गलताजी तीर्थ रहेगा, जहां 15 और 16 नवंबर को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है। 16 नवंबर को उगते हुए सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही यह महापर्व संपन्न होगा। गलताजी में स्वच्छता और स्वास्थ्य के संदेश के साथ फूलों की वर्षा भी की जाएगी। चार दिनों तक चलने वाली यह कठिन साधना सूर्य देव के प्रति अटूट आस्था का प्रतीक है, जो प्रकृति और पर्यावरण के संरक्षण का भी संदेश देती है।


