जयपुर। अजमेर पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी से अर्जित अवैध संपत्ति के खिलाफ बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। एनडीपीएस एक्ट की धारा 68एफ(2) के तहत पुलिस ने तस्कर तरुण नाहरिया और उसके परिवार के सदस्यों के नाम पर खरीदे गए चार वाहनों को फ्रीज करवा दिया है। इन वाहनों की कुल बाजार कीमत लगभग 32 लाख रुपये आंकी गई है। यह कार्रवाई पुलिस मुख्यालय के उस विशेष अभियान का हिस्सा है, जिसके तहत मादक पदार्थों के धंधे में लिप्त अपराधियों की अवैध कमाई पर चोट की जा रही है।
मामले की शुरुआत 6 अगस्त 2026 को हुई, जब रामगंज थाना पुलिस ने भगवानगंज निवासी 31 वर्षीय तरुण नाहरिया को 31.46 ग्राम एमडी के साथ गिरफ्तार किया था। आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने के बाद, पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अगरवाला के निर्देशन में एक विशेष टीम का गठन किया गया। इस टीम का मुख्य उद्देश्य आरोपी द्वारा तस्करी से जुटाई गई अवैध संपत्ति का पता लगाना था।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी ने तस्करी से मिले रुपयों का इस्तेमाल अपने, अपनी पत्नी नेहा और अपनी माता दुर्गा देवी के नाम पर वाहन खरीदने में किया था। फ्रीज किए गए वाहनों में तरुण नाहरिया की होंडा एनएक्स 200 मोटरसाइकिल और टोयोटा इनोवा कार, पत्नी नेहा की टीवीएस जुपिटर 125 और माता दुर्गा देवी के नाम पर पंजीकृत एक टीवीएस वाहन शामिल है।
पुलिस ने इन संपत्तियों से जुड़े सभी दस्तावेज जुटाकर दिल्ली स्थित सक्षम प्राधिकारी एवं प्रशासक के समक्ष पेश किए। साक्ष्यों की पुष्टि के बाद, 9 नवंबर 2026 को इन वाहनों को फ्रीज करने के आदेश जारी किए गए। इस कार्रवाई से तस्करों के आर्थिक तंत्र को बड़ा झटका लगा है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हिमांशु जांगिड़ और वृत्ताधिकारी मनीष बडगूजर के मार्गदर्शन में रामगंज थानाधिकारी हरिपाल सिंह की टीम ने इस जटिल वित्तीय जांच को पूरा किया। पुलिस का कहना है कि नशीले पदार्थों के कारोबार में शामिल अपराधियों की संपत्तियों को चिन्हित करने का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा ताकि अवैध गतिविधियों से अर्जित धन को पूरी तरह से जब्त किया जा सके।


