Haryana ACB Action : हरियाणा में एंटी करप्शन ब्यूरों की टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। जहां पर हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण का जूनियर इंजीनियर यानी जेई को तीन लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा है। आरोपी जेई 10.5 करोड़ के टेंडर की राशि जारी करने की एवज में तीन लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए पकड़ा गया। जेई हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण में फरीदाबाद में कार्यरत था। एंटी करप्शन ब्यूरों की टीम ने जेई के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत केस दर्ज किया है।
एंटी करप्शन ब्यूरो में एक ठेकेदार ने दी शिकायत में बताया कि हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण द्वारा फरीदाबाद में सेक्टर- 76 और 78 में अंडरग्राउंड केबल बिछाने के टेंडर लिया हुआ है और यह टेंडर उनकी फर्म को लिया हुआ है। इस काम के लिए 3.46 करोड़ रुपए की राशि जारी हो चुकी थी।
उसने आरोप लगाया कि हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण का जेई सुरेंद्र कुमार इस जारी होने वाली राशि का दो प्रतिशत कमीशन मांग रहा था और वह लगातार सात लाख रुपये की डिमांड कर रहा है। सात लाख रुपये नहीं देने पर काम में अड़ंगा डालने की धमकी दी। इससे परेशान होकर उसने शिकायत दी। एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने शिकायत मिलने पर मामला दर्ज कर लिया और छापामार दल का गठन किया। जहां पर जेई को तीन लाख रुपये देने पर सहमति बनी।
जब जेई से संपर्क किया तो उसने ठेकेदार को बुला लिया और जैसे ही उसने तीन लाख रुपये की रिश्वत ली तो एसीबी की टीम ने उसको पकड़ लिया और उसके पास से रिश्वत के तौर पर लिए गए तीन लाख रुपये बरामद कर लिए। इंस्पेक्टर जयपाल सिंह के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई की। इस दौरान राजपत्रित अधिकारी के रूप में हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, गुरुग्राम के सहायक अभियंता ऋषभ मौजूद रहे।


