दतवास। दतवास कस्बे में पंचायत प्रशासन की लचर सफाई व्यवस्था के कारण एक बेजुबान पशु को पूरी रात नारकीय स्थिति में गुजारनी पड़ी। कस्बे के गंदे नाले में जमा कचरे और कीचड़ में एक गाय फंस गई, जो रात भर बाहर निकलने के लिए तड़पती रही। गुरुवार सुबह जब स्थानीय गौ रक्षकों को इस घटना की जानकारी मिली, तो वे तुरंत मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि पंचायत द्वारा नियुक्त ठेकेदार द्वारा खुले में कचरा डाला जा रहा है, जिससे यह क्षेत्र मवेशियों के लिए खतरनाक बन गया है। कचरे के ढेर में प्लास्टिक और अन्य हानिकारक सामग्री होने के कारण कई मवेशी बीमार हो रहे हैं और कुछ की मौत भी हो चुकी है। गंदे नालों में जमा कीचड़ और कचरा पशुओं के लिए जानलेवा साबित हो रहा है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी इस ओर से आंखें मूंदे हुए हैं।
बचाव अभियान के दौरान गौ रक्षकों ने रस्सी का सहारा लेकर गाय को बाहर खींचने का प्रयास किया। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद, टीम ने गाय को सुरक्षित नाले से बाहर निकाल लिया। इस दौरान करण सिंह राजावत, गोविंद सिंह चौहान, मोहित खटीक, नवल धोबी, प्रकाश खटीक, निखिल नैनवाल, मोहित सिंह चौहान, रामकेश मीणा, गिरीश शर्मा और मोहित राणा सहित कई गौ रक्षक मौजूद रहे।
गौ रक्षकों ने पंचायत प्रशासन के खिलाफ अपना रोष व्यक्त करते हुए कहा कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद कचरा निस्तारण की कोई स्थायी व्यवस्था नहीं की गई है। खुले में कचरा डालने से न केवल गंदगी फैल रही है, बल्कि मवेशियों की जान भी खतरे में पड़ रही है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि तत्काल प्रभाव से खुले में कचरा डालना बंद किया जाए और नालों की सफाई सुनिश्चित की जाए।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि यदि समय रहते कचरे का उचित निस्तारण नहीं किया गया, तो भविष्य में भी ऐसी घटनाएं दोहराई जा सकती हैं। गौ रक्षकों ने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन ने जल्द ही ठोस कदम नहीं उठाए, तो वे आंदोलन करने पर मजबूर होंगे। फिलहाल, गाय को सुरक्षित बाहर निकालने के बाद क्षेत्र के लोगों ने राहत की सांस ली है, लेकिन व्यवस्था में सुधार की मांग अभी भी बरकरार है।


