Health Benefits of Ber : राजस्थान के क्षेत्र में इन दिनों पहाड़ियों में उगी झाड़ियां इन दिनों लाल रंग के खट्टे-मीठे बेरों से लदी नजर आ रही है। दूर से देखने पर ये पहाड़ियां लाल चुनर ओढ़े नजर आती है। इन बेरों का स्वाद खट्टा-मीठा होने से सभी को पसंद आते हैं।
औषधीय गुणों से भरपूर ये बेर महिलाओं और बच्चों की पहली पसंद होने के साथ ही ग्रामीणों की आय का अच्छा जरिया बन रहे हैं। राजस्थान के के बीधोता, वीरपुर, लाकी खेड़ली, कुंडला, देवती, नरवास, मंडावरी, नाथलवाडा, पाई का गुवाड़ा, जोनेटा सहित अनेक गांवों की पहाड़ियों में उगी झाड़ियां इन दिनों लाल रंग के खट्टे-मीठे बेरों से लदी नजर आ रही है।
ग्रामीण महिलाएं और पुरुष झाड़ियों से बेर तोड़कर इकट्ठा करते देखे जा सकते हैं और इन्हें बाजार में बेचकर हाथ खर्ची भी जुटा रहे है। राजकीय आयुर्वेदिक औषधालय, सकट के वैद्य केशव चंद शर्मा ने बताया कि झाड़ियों पर लगने वाला बेर का फल पौष्टिक तत्वों से परिपूर्ण है।
इसमें विटामिन, खनिज लवण और शर्करा भरपूर मात्रा में पाए जाते है। इसके गुण हिमालय के सेब से कम नहीं है। बेर के फल में स्टार्च, शर्करा, कैल्शियम, फास्फोरस, लौह तत्व और विटामिन के साथ अम्लता भी होती है। खाने में स्वादिष्ट और औषधीय गुणों से भरपूर पके हुए बेर स्वास्थ्य के लिए लाभदायक फल है।
सर्दी की शुरूआत के साथ ही बेर की आवक
वर्षा ऋतु समाप्त होने और सर्दी की शुरुआत के साथ ही झाड़ियों पर बेर आने लगते हैं। बिना पानी और किसी विशेष मेहनत के पहाड़ी क्षेत्रों व नदी-नालों के किनारे नम भूमि में पनपने वाले ये बेर ग्रामीणों के लिए आय का साधन बन गए है। महिलाएं और बच्चों के समूह इन दिनों झाड़ियों के आसपास बेर तोड़ते व खाते देखे जा सकते हैं।


