Haryana Western Disturbance : हरियाणा में मौसम एक बार फिर से बदलने वाला है।नवंबर माह आधा के लगभग आ चुका है, लेकिन अभी ठंड नहीं हो पाई है और प्रदूषण का स्तर लगातार बढ़ रहा है, लेकिन अब मौसम में होने वाले परिर्वतन से ठंड दस्तक देने वाली है और प्रदूषण से राहत मिलेगी। 13 और 14 नवंबर की रात को उत्तरी पर्वतीय क्षेत्रों पर एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है।
इसके प्रभाव से पहाड़ों पर बारिश और बर्फबारी की गतिविधियां देखने को मिलेंगी। मैदानी इलाकों विशेषकर हरियाणा, एनसीआर और दिल्ली में इस मौसम प्रणाली का आंशिक असर नजर आएगा। हरियाणा के आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी और कई जगह पर बूंदाबादी होगी।
हवाओं की दिशा और दशा में लगातार हो रहे बदलाव के कारण मौसम में अस्थिरता बनी हुई है। इसका सीधा असर दिन और रात के तापमान पर पड़ रहा है, जहां लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग के अनुसार किसी मजबूत और सक्रिय मौसम प्रणाली का सीधा असर न होने के कारण दिन में अभी भी हल्की गर्माहट महसूस की जा रही है, जबकि रातें सामान्य के आसपास ठंडी हैं। हालांकि, अब मौसम में आंशिक बदलाव की आहट सुनाई देने लगी है।
चक्रवातीय सर्कुलेशन से रेवाड़ी व आसपास के जिलों में बदलेगा मौसम
इस पश्चिमी विक्षोभ के साथ-साथ पश्चिमी उत्तरी राजस्थान के ऊपर एक चक्रवातीय सर्कुलेशन भी बन रहा है। इसके कारण पहाड़ों पर मौजूद कमजोर पश्चिमी विक्षोभ को अरब सागर से हल्की नमी मिलेगी। इस संयुक्त प्रभाव से 14 और 15 नवंबर के दौरान रेवाड़ी सहित राजस्थान से सटे पश्चिमी जिलों-महेंद्रगढ़, चरखी दादरी, भिवानी, हिसार, फतेहाबाद और सिरसा में तेज गति की हवाएं चलने के साथ केवल बिखराव वाली छिटपुट बूंदाबांदी हो सकती है। हालांकि, क्षेत्र में किसी बड़ी या तेज बारिश की कोई संभावना नहीं है, केवल बादलवाही और हवाओं के कारण मौसम में हल्का बदलाव महसूस होगा।
जल्द प्रदूषण से मिलेगी राहत
मौसम विशेषज्ञ डा. चंद्रमोहन ने बताया कि वर्तमान परिदृश्य में किसी विशेष मौसम प्रणाली के अभाव के कारण नवंबर में अपेक्षित ठंड नहीं पड़ रही है। 13-14 नवंबर की रात से सक्रिय हो रहे पश्चिमी विक्षोभ और राजस्थान पर बने चक्रवातीय सर्कुलेशन के कारण 14 व 15 नवंबर को रेवाड़ी सहित प्रदेश के उत्तरी और पश्चिमी जिलों में तेज हवाओं के साथ केवल छिटपुट बूंदाबांदी की संभावना है। ज्यादा बारिश के आसार बिल्कुल नहीं हैं। इस सिस्टम के आगे निकलने के बाद बढ़ते प्रदूषण पर अंकुश लगेगा और वायु गुणवत्ता सूचकांक में सुधार होगा।
अनिल चौधरी (MBA, मीडिया मैनेजमेंट) को विभिन्न मीडिया संस्थानों में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव है। इन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत हरिभूमि (हिंदी समाचार पत्र) से प्रिंट मीडिया में की, जहां खबरों की बुनियादी समझ और लेखन की गंभीरता को सीखा। इसके बाद अमर उजाला (हिंदी समाचार पत्र) में 7 वर्षों तक कार्य किया। अनिल चौधरी की बिजनेस, मनोरंजन, सरकारी योजनाएं , खेल और रेलवे से संबंधित खबरों पर मजबूत पकड़ है। वर्तमान में अनिल चौधरी डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से अपनी सेवाएं दे रहे हैं।