जयपुर 12 नवंबर। राजस्थान पुलिस की सीआईडी क्राइम ब्रांच ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए सीकर जिले के बलारा थाना क्षेत्र में 41 किलो 510 ग्राम अवैध गांजा जब्त किया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस खेप की कीमत करीब 21 लाख रुपये आंकी गई है। इस मामले में झुंझुनूं निवासी राकेश कुमार को गिरफ्तार किया गया है, जबकि उसके साथी की तलाश के लिए पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक स्विफ्ट कार में संदिग्ध सामान लेकर सीकर से लक्ष्मणगढ़ होते हुए झुंझुनूं की ओर जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर सीआईडी की स्पेशल टीम ने स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर घेराबंदी की। जब पुलिस ने कार को रुकवाने का प्रयास किया, तो चालक ने गाड़ी को लहराते हुए भगाने की कोशिश की। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने कार को रोक लिया, लेकिन चालक ने दरवाजे लॉक कर दिए थे। अंततः पुलिस ने उसे काबू कर लिया।
कार की तलाशी लेने पर पिछली सीट और डिग्गी में रखे दो कट्टों से गांजे के 20 पैकेट बरामद हुए। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपी राकेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की आगे की जांच दादिया थाना पुलिस द्वारा की जा रही है। पुलिस का कहना है कि यह खेप बड़े स्तर पर तस्करी के लिए ले जाई जा रही थी, जिसकी कड़ियां खंगाली जा रही हैं।
पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपी ने खुलासा किया कि यह गांजा और कार उसके साथी विकास कुमार धींवा की है। आरोपी के अनुसार, विकास कुछ दूरी पहले ही कार से उतर गया था और उसे आगे जाकर फोन करने के लिए कहा था। पुलिस को विकास कुमार के मादक पदार्थों के बड़े नेटवर्क से जुड़े होने की जानकारी मिली है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने विशेष अभियान शुरू किया है।
इस पूरी कार्रवाई में सीआईडी क्राइम ब्रांच की टीम की भूमिका सराहनीय रही। उपनिरीक्षक शैलेन्द्र कुमार के नेतृत्व में हेड कांस्टेबल रविंद्र सिंह और कुलदीप सिंह ने तकनीकी और जमीनी स्तर पर सटीक जानकारी जुटाई। बलारा थानाधिकारी कैलाशचन्द और उनकी टीम ने भी इस ऑपरेशन में महत्वपूर्ण सहयोग दिया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि यह गांजा कहां से लाया गया था और इसे किसे सप्लाई किया जाना था।


