Jaipur Times — जयपुर टाइम्स
देश और दुनियाहर खबर, आपकी भाषा में

प्याज के भावों में बड़ी गिरावट, 50 रुपये किलो तक बिकने वाला प्याज 20 रुपये पर आया

प्याज के भावों में बड़ी गिरावट, 50 रुपये किलो तक बिकने वाला प्याज 20 रुपये पर आया

Onion Price Drop : राजस्थान की मंडियों में प्याज के भाव में भारी गिरावट देखने को मिल रही है। जिस प्याज ने एक सप्ताह पहले 50 रुपए किलो तक भाव मिलने से किसानों के चेहरे पर मुस्कान ला दी थी, वही अब बंपर आवक के चलते उनकी चिंता बढ़ा रहा है। दीपावली के तीन दिन के अवकाश के बाद खैरथल की अनाज मंडी में संचालित अस्थायी थोक प्याज मंडी में प्याज की भारी आवक हुई। आढ़तियों के अनुसार एक ही दिन में करीब 80 हजार कट्टे मंडी पहुंचे। अधिक आवक के चलते गुणवत्ता और किस्म के अनुसार भाव 20 से 37 रुपए प्रति किलो तक रह गए। कीमतों में गिरावट से किसानों के लिए लागत निकालना भी चुनौती बनता जा रहा है।

बंपर आवक से भावों पर दबाव

सुबह से ही प्याज से भरे खैरथल मंडी में प्याज के कट्टों के लगे ढेर। वाहनों की मंडी में कतार लग गई। परिसर में जगह-जगह कट्टों के ढेर नजर आए। व्यापारियों के बीच दिनभर खरीद-फरोख्त जारी रही। किसानों का कहना है कि शुरुआती दौर में अच्छे भाव मिलने से उम्मीद जगी थी, लेकिन लगातार बढ़ती आवक ने बाजार में कीमतों पर दबाव बना दिया है।

पिछले साल के नुकसान का सता रहा डर

प्याज उत्पादक किसानों के अनुसार पिछले साल कम भाव मिलने से उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा था। इस बार अच्छी पैदावार के बावजूद कीमतों में गिरावट ने फिर चिंता बढ़ा दी है। किसानों ने सरकार से सरकारी दर पर खरीद शुरू करने और जिले में प्याज के भंडारण केंद्र स्थापित करने की मांग की है। उनका कहना है कि भंडारण सुविधा मिलने से कम भाव होने पर फसल बेचने की मजबूरी नहीं रहेगी।

बोली प्रक्रिया की निगरानी की मांग

मंडी में उपज बेचने पहुंचे किसान रहमत खान ने आरोप लगाया कि बोली के दौरान कृषि उपज मंडी का कर्मचारी मौजूद नहीं रहता। अलग-अलग फड़ों पर अलग तरीके से बोली लगने से पारदर्शिता प्रभावित होती है और किसानों को उचित मूल्य नहीं मिल पाता। उन्होंने नियमित कर्मचारी तैनाती और नीलामी प्रक्रिया की निगरानी की मांग की है।

बंपर आवक से मंडी में कारोबार बढ़ा है, लेकिन किसानों के सामने उचित मूल्य मिलने का सवाल खड़ा हो गया है। अब उनकी निगाहें बाजार में भावों के रुख और सरकार की ओर से राहत के लिए उठाए जाने वाले कदमों पर टिकी है।

आगे पढ़ें

ताज़ा खबरें, एक के बाद एक

स्क्रॉल करते रहें, अगली खबर अपने आप खुलेगी।

मेट्रो बनाएगी अब यात्रियों का सफर आसान, सरकार ने मेट्रो व RRTS के दायरा बढ़ाकर किया 1208 किमी