हरियाणा सरकार द्वारा उच्च शिक्षा के लिए शहरी क्षेत्र के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में कालेज खोल जा रहे है। सबसे ज्यादा फोकस महिला कालेजों पर किया रहा है। सरकार द्वारा अब पानीपत जिले के गांव डाहर में 15.33 करोड़ की लागत से राजकीय महिला कॉलेज का भवन बनाया जाएगा। निर्माण हरियाणा पुलिस हाउसिंग कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एचपीएचसीएल), मधुबन द्वारा कराया जाएगा।
एजेंसी को 21 महीने 5 दिन में काम को पूरा करना होगा। खास बात यह है कि भवन बनने के बाद भी एजेंसी की जिम्मेदारी खत्म नहीं होगी। उसे अगले दो साल तक भवन का रखरखाव और खामियों को दूर करना होगा। अपंजीकृत ठेकेदारों के लिए 30.66 लाख रुपए व श्रम एवं निर्माण सोसायटियों के लिए ईएमडी की राशि 15.33 लाख तय की गई है।
बता दें कि ग्राम पंचायत डाहर ने गांव में राजकीय महिला कॉलेज की मांग रखी थी। शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा मामले को गंभीरता से लिया और न केवल गांव डाहर में राजकीय महिला कॉलेज को मंजूरी मिली, बल्कि शैक्षणिक सत्र 2026-27 से कक्षाएं भी शुरू हो चुकी हैं। कॉलेज में बीए की 160 और बीकॉम की 80 सीटें मिली थीं।
हालांकि देरी होने के कारण केवल 28 सीटों पर दाखिले हो पाए थे। फिलहाल कॉलेज कम्युनिटी सेंटर में चल रहा है। इससे ग्रामीण एरिया की छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा और उन्हें घर के पास ही गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध होगी। प्राचार्य डॉ. सुभाष जागलान ने बताया कि कॉलेज को लेकर जमीन भी पंचायत ने दी है और बिल्डिंग खर्च भी पंचायत ही वहन करेगी।
गुणवत्ता जांच के लिए साइट पर बनानी होगी लैब
बिल्डिंग निर्माण के दौरान गुणवत्ता से समझौता नहीं होगा। एजेंसी को साइट पर उपकरणों से लैस फील्ड लैब स्थापित करनी होगी। सीमेंट, स्टील और कंक्रीट समेत निर्माण सामग्री की नियमित जांच होगी। हर मंजिल की स्लैब डालने से पहले कम से कम 25 प्रतिशत बीम और कॉलम का रिबाउंड हैमर टेस्ट भी अनिवार्य रहेगा। स्वतंत्र एजेंसी से इंस्पेक्शन कराया जाएगा।
40 किलोवाट का लगेगा सोलर प्लांट
कॉलेज परिसर में कक्षाओं के साथ आधुनिक प्रयोगशालाएं, स्टाफ रूम, बिजली, पानी, सीवरेज, अग्निशमन और अन्य जरूरी आधारभूत सुविधाएं होंगी। 40 किलोवाट का सोलर प्लांट भी छत पर लगेगा। ताकि गर्मी व अन्य दिनों में बिजली संबंधी किसी तरह की समस्या न हो। साथ ही बेहतर निकासी के लिए सीवरेज व्यवस्था भी होगी।


