Pataudi Gurugram Bus Service : हरियाणा रोडवेज ने हजारों यात्रियों को राहत देते हुए स्पेशल बसों का संचालन शुरू कर दिया है। हरियाणा रोडवेज ने पटौदी क्षेत्र के हजारों यात्रियों के लिए राहत की खबर है। पटौदी और गुरुग्राम के बीच रोडवेज तथा निजी बसों के अलावा अब गुरुग्राम महानगर की वातानुकूलित, विद्युत चालित लो फ्लोर बसें भी चलेंगी। इनका ट्रायल शुरू हो गया है। फिलहाल पटौदी रोड रेलवे स्टेशन से जमालपुर होते हुए गुरुग्राम बस स्टैंड तक 12 फेरे और वापसी में 12 फेरे तय किए गए हैं। ट्रायल सफल रहने पर फेरों की संख्या 16 की जा सकती है।
ट्रायल के दौरान गुरुग्राम से सुबह छह बजे से शाम सवा छह बजे तक और पटौदी से सुबह आठ बजे से रात आठ बजे तक बसें चलाई जा रही हैं। फिलहाल बसों को पटौदी बस अड्डे के भीतर प्रवेश की अनुमति नहीं मिली है। इसके लिए आरटीओ से समय निर्धारित होने का इंतजार है। पटौदी-गुरुग्राम मार्ग पर यात्रियों की संख्या काफी अधिक है। पांच हजार से ज्यादा विद्यार्थियों
ने इस मार्ग पर यात्रा के लिए बस पास बनवा रखे हैं। बसों की कमी के कारण सुबह और शाम यात्रियों को भीड़ और धक्का-मुक्की का सामना करना पड़ता है। फिलहाल औसतन हर 13 मिनट में बस मिलती है, जबकि यात्रियों की मांग हर आठ मिनट में बस चलाने की है। नई बसों का किराया रोडवेज के समान 35 रुपये है।
इनमें दिव्यांग यात्रियों के लिए व्हीलचेयर सहित चढ़ने की विशेष सुविधा है। लो फ्लोर होने से बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को भी चढ़ने-उतरने में आसानी होगी। वातानुकूलित बसों में विपरीत मौसम के दौरान भी आरामदायक सफर किया जा सकेगा। ट्रायल सफल होने पर इनका नियमित संचालन हो सकता है। यात्रियों ने आरटीओ से जल्द समय तय करने के साथ दिल्ली के लिए सीधी बस सेवा शुरू करने और आगरा की बंद पड़ी बस सेवा बहाल करने की मांग भी की है। इससे लोगों को सुविधा हो सकेगी।


