Rohtak Chittorgarh Bus Service : हरियाणा रोडवेज ने राजस्थान के लिए सीधी कनेक्टिविटी शुरू की है। जहां पर यात्रियों को बिना बस बदले ही लगभग 660 किलोमीटर का सफर सुपरफास्ट कर सकेंगे। ऐसे में यात्रियों का बस बदलने का झंझट खत्म होगा, वहीं आरामदेय सफर भी तय कर सकेंगे। हरियाणा रोडवेज ने लंबे रूट की बस सेवा को रोहतक के बस स्टैंड से लेकर राजस्थान के चित्तौड़गढ तक शुरू की गई है।
इस नए बस सेवा को रोहतक के बस स्टैंड से हरी झंडी दिखाकर रवाना कर दिया है और यात्रियों को प्रतिदिन यह बस सेवा का लाभ मिलेगा। इस दौरान रोहतक व चित्तौड़गढ़ के बीच में आने वाले हरियाणा व राजस्थान के कई शहरों के लोगों को सीधा लाभ मिलने वाला है। इस बस का एक तरफ का किराया 670 रुपये निर्धारित किया गया है।
नई बस सेवा से रोहतक के अलावा आसपास के जिलों के यात्रियों को भी राजस्थान के धार्मिक, ऐतिहासिक और पर्यटन स्थलों तक पहुंचने में सुविधा होगी। खासकर चित्तौड़गढ़ जाने वाले यात्रियों को अब सीधे सफर का विकल्प मिलेगा। इसके अलावा जयपुर और अजमेर समेत राजस्थान के अन्य शहरों की यात्रा करने वालों को भी इस रूट से लाभ मिल सकेगा।
बुधवार सुबह 8:30 बजे डिपो परिसर से बस को डीसी सतबीर सिंह, पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर, मेयर रामअवतार वाल्मीकि और भाजपा जिला अध्यक्ष रणवीर ढाका ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर ने कहा कि रोहतक से चित्तौड़गढ़ के लिए सीधी बस सेवा शुरू होने से हरियाणा और राजस्थान के बीच आवागमन आसान होगा और यात्रियों को बेहतर परिवहन सुविधा मिलेगी। डिपो महाप्रबंधक नवीन कुमार ने बताया कि बस प्रतिदिन संचालित होगी।
रोहतक से सुबह 8:30 बजे रवाना होकर रात 10:50 बजे चित्तौड़गढ़ पहुंचेगी। वापसी में चित्तौड़गढ़ से सुबह 4:15 बजे बस चलेगी और शाम 6 बजे रोहतक पहुंचेगी। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत बनाने और यात्रियों को सुविधाजनक आवागमन उपलब्ध करवाने के लिए नए रूटों पर बस सेवाएं शुरू कर रही है। चित्तौड़गढ़ के लिए सीधी बस सेवा भी इसी दिशा में एक महत्त्वपूर्ण कदम है।


