Chhath Puja Special Train : लोक आस्था का महापर्व छठ पूजा पर देशभर के रेलवे स्टेशनों पर बिहार के साथ पूर्वांचल के यात्रियों की काफी भीड़ है। यात्रियों को राहत देने के लिए रेलवे विभाग ने विभिन्न स्टेशनों से स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है।
इसी कड़ी में बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश पूर्वांचल जाने वाले श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को संभालने के लिए रेलवे ने व्यापक और अभूतपूर्व इंतजाम किए हैं। त्योहार के सीजन में यात्रियों को उनके गंतव्य तक सुरक्षित और आरामदायक तरीके से पहुंचाने के लिए दिल्ली क्षेत्र के प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षा से लेकर सुविधाओं तक के कड़े प्रबंध किए गए हैं। इस बीच, बहादुरगढ़ और नांगलोई जैसे उपनगरीय क्षेत्रों में रहने वाले हजारों परिवारों के लिए दिल्ली के मुख्य स्टेशनों तक पहुंचाने के लिए रेलवे और स्थानीय प्रशासन ने विशेष व्यवस्था की है।
उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु शेखर उपाध्याय ने बताया कि यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए वर्तमान में दिल्ली क्षेत्र के विभिन्न प्रमुख स्टेशनों से कुल 23 विशेष ट्रेनें चलाई जा रही हैं। उन्होंने बताया कि आनंद विहार टर्मिनल से अतिरिक्त 8 स्पेशल ट्रेनें संचालित की जा रही हैं, क्योंकि पूर्वांचल और बिहार जाने वाले यात्रियों का सबसे बड़ा केंद्र यही स्टेशन है।
इसी तरह से नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से छह विशेष ट्रेनों का संचालन शुरू किया गया है। हजरत निजामुद्दीन टर्मिनल से तीन स्पेशल ट्रेनें रवाना हो रही हैं। शकूर बस्ती रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा के लिए वहां से भी तीन ट्रेनें चलाई जा रही हैं। दिल्ली जंक्शन पुरानी दिल्ली यहां से दो विशेष ट्रेनें यात्रियों को लेकर रवाना हो रही हैं। इसी तरह से रोहतक रेलवे स्टेशन से भी एक स्पेशल ट्रेन चलाई जा रही है।


