Jaipur Times — जयपुर टाइम्स
देश और दुनियाहर खबर, आपकी भाषा में

देव का हरवाड़ा में नव निर्वाचित पंच एवं सरपंचों का हुआ भव्य स्वागत, विकास के संकल्प के साथ शुरू हुआ कार्यकाल

देव का हरवाड़ा में नवनिर्वाचित सरपंच उर्मिला खंडेलवाल और पंचों का सम्मान समारोह आयोजित किया गया, जिसमें गांव के विकास पर जोर दिया गया।

नवनिर्वाचित सरपंच उर्मिला खंडेलवाल और पंचों का सम्मान करते हुए ग्रामीण
नवनिर्वाचित सरपंच उर्मिला खंडेलवाल और पंचों का सम्मान करते हुए ग्रामीण

देव का हरवाड़ा। देव का हरवाड़ा ग्राम पंचायत में बुधवार को एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें नवनिर्वाचित सरपंच और पंचों का सम्मान किया गया। बुनकर बस्ती स्थित नैताजी चौक पर आयोजित इस समारोह में ग्रामीणों ने अपने नए जनप्रतिनिधियों का उत्साहपूर्वक स्वागत किया। मुख्य अतिथि डॉ. पूरणमल बुनकर और अन्य विशिष्ट अतिथियों ने सरपंच उर्मिला खंडेलवाल व सभी पंचों को साफा पहनाकर, शॉल ओढ़ाकर और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।

समारोह को संबोधित करते हुए नवनिर्वाचित सरपंच उर्मिला खंडेलवाल ने कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसे वे पूरी निष्ठा के साथ निभाएंगी। उन्होंने ग्रामवासियों को विश्वास दिलाया कि जनहित के कार्यों को उनकी प्राथमिकता में रखा जाएगा। उन्होंने गांव को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाने का संकल्प दोहराया और कहा कि सभी ग्रामीणों के सहयोग से ही पंचायत का सर्वांगीण विकास संभव है।

मुख्य अतिथि डॉ. पूरणमल बुनकर ने जनप्रतिनिधियों को सलाह दी कि वे गांवों की बुनियादी समस्याओं के समाधान पर विशेष ध्यान दें। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि की पहचान जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं को सुलझाने से ही बनती है। उन्होंने आपसी तालमेल और सहयोग के साथ काम करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान मोहित योगी और सीताराम खंडेलवाल ने भी अपने विचार रखे और कहा कि सामाजिक एकता ही गांव की तरक्की का आधार है।

कार्यक्रम के संयोजक एडवोकेट सुरेन्द्र खंडेलवाल ने कहा कि जनता ने बहुत उम्मीदों के साथ जनप्रतिनिधियों को चुना है। उन्होंने उम्मीद जताई कि क्षेत्र में पेयजल, सड़क, बिजली और स्वच्छता जैसी मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मिलकर प्रयास करेंगे तो गांव की तस्वीर निश्चित रूप से बदलेगी।

इस अवसर पर नाथूलाल योगी, ग्राम विकास अधिकारी नीरज बुनकर, मनोज खंडेलवाल, आनंद शर्मा, ओमप्रकाश, मूलचंद, बाबूलाल खंडेलवाल, रूपचंद खंडेलवाल, सुनील खंडेलवाल, बाबू लाल शर्मा, धोलूराम मीणा, विक्की योगी, हरपाल योगी, प्रकाश जांगिड़, हरपाल गुर्जर, महेंद्र मीणा, रामजीलाल, गोपाल, सुनील, अनिल खंडेलवाल सहित कौशल्या बुनकर, माली देवी, किरण देवी, गुलाब देवी और कमलेश देवी समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

आगे पढ़ें

ताज़ा खबरें, एक के बाद एक

स्क्रॉल करते रहें, अगली खबर अपने आप खुलेगी।

हरियाणा में कर्मचारियों के खाते में कब आएगा DA बढ़ोतरी पैसा? जानें कब से मिलेगा एरियर का लाभ