Jaipur Times — जयपुर टाइम्स
देश और दुनियाहर खबर, आपकी भाषा में

राजस्थान में 600 मीटर हैंगिंग ब्रिज से दिखेगा बड़ी झील और अरावली का नजारा, उदयपुर में बनेगा नया पर्यटन आकर्षण

राजस्थान में 600 मीटर हैंगिंग ब्रिज से दिखेगा बड़ी झील और अरावली का नजारा, उदयपुर में बनेगा नया पर्यटन आकर्षण

Adventure Tourism Rajasthan : राजस्थान की झीलों की नगरी उदयपुर में एडवेंचर टूरिज्म बढ़ने वाला है। एडवेंचर टूरिज्म में पहाड़, जंगल और झील को जोड़ेगा नया सर्किट होगा। अब झील किनारे की सैर से आगे पहाड़ियों और जंगलों तक पहुंचने की तैयारी में है। बड़ी की पाल से बाहुबली हिल तक के पूरे क्षेत्र को एक नए टूरिस्ट सर्किट के रूप में विकसित करने की योजना बनाई जा रही है।

इस प्रोजेक्ट का सबसे बड़ा आकर्षण बाहुबली हिल से वन विभाग के इको टोन पार्क तक प्रस्तावित करीब 600 मीटर लंबा हैगिंग ब्रिज होगा। इस ब्रिज से गुजरते हुए पर्यटक एक ओर पहाड़ियों की खूबसूरती तो दूसरी ओर बड़ी झील के मनमोहक नजारे का लुत्फ उठा सकेंगे। इसके आगे इको टोन पार्क में प्रकृति के बीच घूमने, ट्रेकिंग और छोटी जीप से जंगल सफारी का रोमांच मिलेगा।

वहीं बड़ी की पाल को भी नए सिरे से विकसित कर वहां लाइटिंग, सड़क सुधार, व्यू पॉइंट और अन्य पर्यटन सुविधाएं जुटाई जाएंगी। यानी एक ही सर्किट में झील, पहाड़ी, जंगल और एडवेंचर टूरिज्म का अनुभव मिलेगा। इसके लिए यूडीए और वन विभाग मिलकर इंटीग्रेटेड प्रोजेक्ट तैयार करेंगे। पंजाब के राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया के निरीक्षण के बाद मंगलवार को जिला कलक्टर गौरव अग्रवाल ने यूडीए और वन विभाग के अधिकारियों के साथ मंगलवार को पूरे क्षेत्र का जायजा लिया।

हालांकि अभी अधिकारियों ने पूरी तरह से खुलासा नहीं किया लेकिन अब जल्द ही इसकी डीपीआर तैयार कर सरकार को भेजने की तैयारी है। निरीक्षण में यूडीए अधिकारी हितेष सुखवाल और वन विभाग की और से डीके तिवारी मौजूद रहे। अधिकारियों के स्तर पर पूरे क्षेत्र का समग्र प्रोजेक्ट तैयार करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।

लाइटिंग से जगमगाएगा क्षेत्र

टूरिस्ट सर्किट का दूसरा महत्वपूर्ण हिस्सा बड़ी की पाल और वहां तक पहुंचने वाला सड़क मार्ग होगा। पाल का सौदर्याकरण कर इसे पर्यटकों के लिए आकर्षक स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा। यहां बेहतर लाइटिंग, बैठने की सुविधाएं, आसपास के क्षेत्र का सौदर्याकरण और सड़क सुधार जैसे काम प्रस्तावित है। बड़ी की पाल से बाहुबली हिल तक पहुंचने वाले मार्ग का भी जायजा लिया गया।

दोनों विभागों की जिम्मेदारी

पूरे क्षेत्र को एकीकृत पर्यटन सर्किट के रूप में विकसित करने के लिए यूडीए और वन विभाग मिलकर काम करेंगे। वन विभाग इको टोन पार्क, जंगल सफारी, ट्रेकिंग, पेट्रोलिंग ट्रेक, पौधरोपण और वन्यजीव संरक्षण से जुड़े कार्यों की योजना बनाएगा। वहीं यूडीए बड़ी की पाल के सौंदर्गीकरण, सड़क नेटवर्क, लाइटिंग व अन्य कार्य की जिम्मेदारी संभालेगा। दोनों विभागों के प्रस्तावों जोड़कर इंटीग्रेटेड डीपीआर बनेगी।

हैंगिंग ब्रिज पर्यटकों को नया अनुभव देगा

प्रस्तावित प्रोजेक्ट में सबसे खास आकर्षण बाहुबली हिल से इको टोन पार्क तक बनने वाला करीब 600 मीटर लंबा हैंगिंग बिज रहेगा। पहाड़ी से पार्क तक पहुंचने के लिए इसे विकसित करने की योजना है। इस ब्रिज से गुजरना पर्यटकों के लिए अलग अनुभव होगा। ऊंचाई से बड़ी झील और आसपास फैली अरावली की पहाड़ियों का खूबसूरत नजारा दिखाई देगा।

पर्यटक यहां फोटोग्राफी के साथ प्राकृतिक वातावरण का आनंद ले सकेंगे। इसके साथ ही ट्रेक को भी विकसित करने की योजना है, जिससे प्रकृति प्रेमी पैदल पहाड़ी क्षेत्र में ट्रेकिंग कर सकेंगे। हालांकि ब्रिज और अन्य निर्माण कार्यों की रूपरेखा डीपीआर में तय होगी।

आगे पढ़ें

ताज़ा खबरें, एक के बाद एक

स्क्रॉल करते रहें, अगली खबर अपने आप खुलेगी।

मारवाड़ा रेल कारिडोर को मिली नई ताकत, अब 220 किलोमीटर रेल ट्रैक पर 100 से 110 किमी प्रति घंटे हुई रफ्तार