जयपुर। भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती और जनजाति गौरव सप्ताह के अवसर पर राजस्थान में व्यापक स्तर पर कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। भाजपा एसटी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उदयपुर सांसद मन्नालाल रावत ने बताया कि इन आयोजनों का मुख्य उद्देश्य जनजातीय समाज के महान स्वतंत्रता सेनानियों, वीर नायकों और समाज सुधारकों के योगदान को जन-जन तक पहुंचाना है। प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में उन्होंने कहा कि यह सप्ताह जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास को नमन करने का अवसर है।
कार्यक्रमों की शुरुआत 14 नवंबर को प्रदेशभर में जनजातीय महापुरुषों के स्मारकों और प्रतिमाओं की साफ-सफाई के साथ होगी। इन स्थलों पर दीपोत्सव आयोजित कर बलिदानियों को श्रद्धांजलि दी जाएगी। राज्य स्तर पर इन कार्यक्रमों के सफल संचालन के लिए पूर्व महामन्त्री मोतीलाल मीणा को प्रदेश संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी गई है। 15 नवंबर को जिला स्तर पर प्रभात फेरियां निकाली जाएंगी और प्रत्येक मंडल में स्थानीय जनजातीय नायकों की प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी।
युवाओं को जोड़ने के लिए 16 से 20 नवंबर तक खेल और निबंध प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी, जबकि 15 से 20 नवंबर के बीच युवा संवाद का आयोजन होगा। जनजातीय छात्रावासों में संपर्क अभियान चलाकर युवाओं को केंद्र और राज्य सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। इसके अतिरिक्त, शोभायात्राओं के माध्यम से जनजातीय समाज की समृद्ध संस्कृति और परंपराओं का प्रदर्शन किया जाएगा। पार्टी उन संतों और आधुनिक प्रतिभाओं को भी सम्मानित करेगी जिन्होंने राष्ट्र निर्माण में योगदान दिया है।
मन्नालाल रावत ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 'मन की बात' में उल्लेखित जनजातीय नायकों की प्रेरक कहानियों को भी समाज के सामने लाया जाएगा। इसके लिए सोशल मीडिया पर एक विशेष अभियान चलाया जाएगा। राज्य सरकार की ओर से 23 नवंबर को डूंगरपुर जिले के वणेश्वर धाम पर एक विशाल जनसभा प्रस्तावित है, जिसमें शिक्षा, स्वरोजगार और आजीविका से संबंधित महत्वपूर्ण घोषणाएं की जा सकती हैं।
रावत ने कहा कि भाजपा सरकारों ने हमेशा जनजातीय समाज के विकास और संवैधानिक अधिकारों को प्राथमिकता दी है। उन्होंने अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में अलग जनजातीय कार्य मंत्रालय के गठन से लेकर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के चयन तक की ऐतिहासिक उपलब्धियों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 'विकसित भारत 2047' के संकल्प को साकार करने में जनजातीय समाज की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।


