Jaipur Times — जयपुर टाइम्स
देश और दुनियाहर खबर, आपकी भाषा में

ऑपरेशन त्रिनेत्र: प्रतापगढ़ पुलिस ने नशा तस्कर की करोड़ों की संपत्ति पर कसा शिकंजा

प्रतापगढ़ पुलिस ने ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत नशा तस्करी से अर्जित 3.92 करोड़ रुपये की अवैध संपत्ति को एनडीपीएस एक्ट के तहत फ्रीज कर दिया है।

प्रतापगढ़ में पुलिस द्वारा जब्त की गई संपत्ति पर नोटिस बोर्ड लगाते हुए
प्रतापगढ़ में पुलिस द्वारा जब्त की गई संपत्ति पर नोटिस बोर्ड लगाते हुए

प्रतापगढ़। मादक पदार्थ तस्करों के आर्थिक साम्राज्य को ध्वस्त करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत प्रतापगढ़ पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने आरोपी रसीद खान द्वारा तस्करी के माध्यम से अर्जित करीब 3 करोड़ 92 लाख रुपये की अवैध संपत्ति को एनडीपीएस एक्ट की धारा 68-F(1) के तहत फ्रीज कर दिया है। इस कार्रवाई में देवल्दी गांव में स्थित आरोपी का आलीशान दो मंजिला मकान, चारदीवारी सहित भूमि और दो मोटरसाइकिलें शामिल हैं।

इस फ्रीजिंग आदेश को सक्षम प्राधिकारी एवं प्रशासक, नई दिल्ली द्वारा 9 नवंबर को स्वीकृति प्रदान की गई थी। इसके बाद 11 नवंबर को अरनोद थाना पुलिस की टीम ने संबंधित संपत्तियों पर कानूनी नोटिस चस्पा किए। यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विशाल जांगिड़ के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयदेव सियाग और वृत्ताधिकारी चंद्रशेखर पालीवाल के मार्गदर्शन में संपन्न हुई। थानाधिकारी शिवलाल मीणा ने आरोपी की अवैध आय का वित्तीय अनुसंधान कर इसका प्रस्ताव तैयार किया था।

आरोपी रसीद खान का नाम तब सामने आया जब गुजरात के गांधीनगर में एमडी और गांजे की एक बड़ी खेप पकड़ी गई थी। जांच में पता चला कि रसीद खान ही इस खेप का मुख्य सप्लायर था। मई 2026 में गिरफ्तारी के बाद से वह वर्तमान में अहमदाबाद की साबरमती सेंट्रल जेल में बंद है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि उसने तस्करी के काले धन से कम समय में ही गांव में आलीशान मकान खड़ा कर लिया है और अपने परिचितों के नाम पर वाहन खरीदे हैं।

पुलिस द्वारा की गई जांच में यह स्पष्ट हुआ कि आरोपी ने अपनी वैध आय से कहीं अधिक संपत्ति अर्जित की थी। फ्रीज की गई संपत्तियों में मुख्य रूप से 3 करोड़ 90 लाख रुपये का आवासीय मकान और करीब 2 लाख रुपये मूल्य की दो मोटरसाइकिलें शामिल हैं। प्रतापगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मादक पदार्थों के कारोबार में लिप्त अपराधियों की संपत्तियों को चिन्हित करने का सिलसिला आगे भी जारी रहेगा ताकि उनके आर्थिक नेटवर्क को पूरी तरह से कमजोर किया जा सके।

रसीद खान के खिलाफ राजस्थान और गुजरात में तस्करी के दो गंभीर मामले दर्ज हैं। प्रतापगढ़ में दर्ज एक अन्य मामले में उस पर 5 हजार रुपये का इनाम भी घोषित है। पुलिस की इस कार्रवाई से तस्करों में हड़कंप मचा है। इस पूरी प्रक्रिया में थानाधिकारी शिवलाल मीणा के साथ उप निरीक्षक प्रेमलाल, अरविंद कुमार और हेड कांस्टेबल प्रभुराम सहित अन्य पुलिसकर्मियों की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

आगे पढ़ें

ताज़ा खबरें, एक के बाद एक

स्क्रॉल करते रहें, अगली खबर अपने आप खुलेगी।

हरियाणा में कर्मचारियों के खाते में कब आएगा DA बढ़ोतरी पैसा? जानें कब से मिलेगा एरियर का लाभ