झालावाड़। झालावाड़ पुलिस ने एक ऐसे अंतरराज्यीय साइबर गिरोह का भंडाफोड़ किया है, जिसकी प्रताड़ना से तंग आकर एक महिला ने अपनी जान दे दी। सुभाष कॉलोनी निवासी 56 वर्षीय मधुबाला ठाकुर को पुराने सिक्के खरीदने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी का शिकार बनाया गया था। आरोपियों ने महिला को फर्जी पुलिस नोटिस और एआई तकनीक से तैयार डरावने फोटो-वीडियो भेजकर मानसिक रूप से तोड़ दिया था।
मृतका की पुत्री की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों और बैंक खातों के विश्लेषण से पता चला कि ठगों का नेटवर्क बिहार से संचालित हो रहा था। गिरोह के सदस्य महिला को लगातार धमका रहे थे कि यदि पैसे नहीं दिए गए तो उनके बेटे को किसी गंभीर आपराधिक मामले में फंसा दिया जाएगा। इस निरंतर आर्थिक और मानसिक शोषण के कारण महिला ने आत्महत्या जैसा कठोर कदम उठाया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन में विशेष अनुसंधान दल का गठन किया गया। पुलिस की तीन टीमों ने करीब 1500 किलोमीटर दूर बिहार के सहरसा, मधेपुरा और खगड़िया जिलों में स्थानीय पुलिस के सहयोग से 6 नवंबर को एक साथ दबिश दी। इस कार्रवाई में मुख्य आरोपी अजीत यादव सहित छह लोगों को गिरफ्तार किया गया, जबकि तीन नाबालिगों को निरुद्ध किया गया है।
जांच में सामने आया कि आरोपी सोशल मीडिया पर दुर्लभ सिक्कों के विज्ञापन देकर लोगों को फंसाते थे। जब पीड़ित पैसे देने में असमर्थता जताते, तो वे फर्जी पुलिस नोटिस और एआई से बने वीडियो का सहारा लेकर ब्लैकमेलिंग शुरू कर देते थे। गिरफ्तार आरोपियों के बैंक खातों की जांच में पहले से ही कई साइबर धोखाधड़ी की शिकायतें दर्ज होने के प्रमाण मिले हैं।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि सोशल मीडिया पर सिक्कों की खरीद-फरोख्त के लुभावने विज्ञापनों से सावधान रहें। किसी भी अनजान व्यक्ति को रजिस्ट्रेशन या आरबीआई अप्रूवल के नाम पर पैसे न भेजें। पुलिस ने स्पष्ट किया कि कोई भी जांच एजेंसी व्हाट्सएप कॉल पर गिरफ्तारी की धमकी नहीं देती। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या धमकी मिलने पर तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर सूचित करें।


