Jind News: हरियाणा प्रदेश के जींद शहर में बिजली करंट से होने वाले हादसों को रोकने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ इलेक्ट्रिसिटी मजबूत करने के लिए नगर परिषद और बिजली निगम ने मिलकर दो बड़े कदम उठाए हैं। शहर में नगर परिषद और बिजली निगम मिलकर इलेक्ट्रिसिटी कनेक्टिविटी मजबूत करने और मुख्य बाजारों से तारों के जाल को हटाकर अंडरग्राउंड केबल बिछाने की तैयारी कर रहा है। इसके अलावा नगर परिषद हाईटेंशन लाइनों के क्लीयरेंस जोन में बने अवैध निर्माणों की पहचान के लिए ड्रोन सर्वे शुरू करने की तैयारी भी कर रहा है।
एस्टीमेट हुआ तैयार
जींद शहर में विधानसभा डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्ण मिड्डा के निर्देशों पर बिजली निगम ने मुख्य बाजारों को ओवरहेड खतरनाक तारों से मुक्ति दिलाने के लिए 4.50 करोड़ रुपए का विस्तृत एस्टीमेट तैयार किया गया है। नगर परिषद और बिजली निगम की योजना के अनुसार शहर में सिटी थाना से लेकर मेन बाजार, सर्राफा बाजार, तांगा चौक, पंजाबी बाजार होते हुए शिव चौक झांझगेट तक बिजली तारों को पूरी तरह भूमिगत किया जाएगा।
जींद शहर के स्थानीय दुकानदारों शिवचरण शर्मा, मंगतराम, अंकुश, राजू धीमान व मनीष गर्ग का कहना है कि बाजारों में लटकते तारों के कारण हर समय शॉर्ट सर्किट और करंट फैलने की आशंका बनी रहती थी, जिससे इस फैसले से बड़ी राहत मिलेगी। नगर परिषद क्षेत्र में नियमों को ताक पर रखकर हाईटेंशन लाइनों के ठीक नीचे और बिल्कुल पास बहुमंजिला इमारतें बनाई जा रही हैं। नियमों के मुताबिक लाइनों के दोनों ओर एक निश्चित क्लीयरेंस जोन छोड़ना अनिवार्य होता है।


