Bangalore Jaipur Train : रेलवे विभाग द्वारा त्योहारी सीजन में यात्रियों की सुविधा के लिए आन डिमांड ट्रेन की सुविधा दी जा रही है। जिस भी रुट पर यात्रियों की संख्या बढ़ती है और टिकट बुकिंग ज्यादा हो रही है, रेलवे विभाग द्वारा उस रुट पर स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। हालांकि सबसे ज्यादा दबाव यूपी, बिहार व बंगाल की तरफ जाने वाली ट्रेनों पर चल रहा है, लेकिन इसके साथ दक्षिण भारत के राज्यों में जाने वाले यात्रियों की संख्या भी ज्यादा है।
ऐसे में रेलवे विभाग ने यात्रियों की सुविधा के लिए बेंगलुरु कैंट और जयपुर के खातीपुरा स्टेशन के बीच में दो स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया गया है। यह दो स्पेशल ट्रेन नवंबर माह में अलग-अलग तिथियों को चलाने का निर्णय लिया है। यह दोनों ही ट्रेन आबूरोड सहित उत्तर पश्चिम रेलवे के कई प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव रहेगा। इससे दक्षिण भारत से राजस्थान आने-जाने वाले यात्रियों को अतिरिक्त रेल सुविधा मिल सकेगी।
रेलवे ने नवंबर में दक्षिण भारत के लिए चलाई यह ट्रेन
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार दक्षिण भारत के लिए दो स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया गया है। इसमें पहली स्पेशल ट्रेन संख्या 06563 बेंगलुरु कैंट से 11 नवंबर को सुबह 6 बजे रवाना होगी और शुक्रवार को सुबह 11:10 बजे खातीपुरा पहुंचेगी।
वापसी में ट्रेन संख्या 06564 खातीपुरा से 19 नवंबर को दोपहर 12:25 बजे रवाना होकर शनिवार को सुबह 9 बजे बेंगलुरु कैंट पहुंचेगी। इसी तरह दूसरी ट्रेन का संचालन ट्रेन संख्या 06583 बेंगलुरु कैंट से 13 नवंबर को सुबह 6 बजे रवाना होगी और रविवार को सुबह 11:10 बजे खातीपुरा पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 06584 खातीपुरा से 22 नवंबर को दोपहर 12:25 बजे रवाना होकर मंगलवार को सुबह 9 बजे बेंगलुरु कैंट पहुंचेगी।
बेंगलुरु से चलने वाली स्पेशल ट्रेन का इन स्टेशनों पर होगा ठहराव
रेलवे विभाग द्वारा बेंगलुरु से राजस्थान के बीच में चलाई गई स्पेशल ट्रेनों का ठहराव सुनिश्चित कर दिया गया है। इसमें निर्धारित मार्ग पर सर एम. विश्वेश्वरय्या टर्मिनल, चिक्कबाणावर, तुमकूर, अरसीकेरे, बीरूर, दावणगेरे, हावेरि, हुब्बल्लि, धारवाड़, बेलगावि, घटप्रभा, मिरज, सांगली, कराड, सतारा, पुणे, लोनावला, कल्याण, वसई रोड, सूरत, वडोदरा, साबरमती बीजी, आबूरोड, फालना, मारवाड़ जंक्शन, ब्यावर, अजमेर, किशनगढ़ और जयपुर स्टेशनों पर रहेगा।
यात्रियों को एसी की मिलेगी सुविधा
रेलवे विभाग द्वारा चलाई गई दोनों स्पेशल ट्रेन में यात्रियों को एसी के अलावा स्लीपर की सुविधा मिलेगी। इन ट्रेनों में 20 डिब्बे होंगे। इनमें 4 थर्ड एसी, 6 शयनयान, 8 साधारण श्रेणी, एक पावरकार और एक गार्ड डिब्बा शामिल हैं। जबकि दूसरी स्पेशल ट्रेन में कुल 18 डिब्बे होंगे। इनमें 2 थर्ड एसी इकोनॉमी, 6 शयनयान, 8 साधारण श्रेणी, एक पावरकार और एक गार्ड डिब्बा शामिल रहेगा। रेलवे के इस फैसले से त्योहारों के दौरान यात्रियों को आवागमन के लिए अतिरिक्त विकल्प मिल सकेगा।