Student Free Transport Scheme : हिसार ढाई साल से अधिक वक्त बीत चुका है। लेकिन हिसार जिले में पांच खंड जिनमें हिसार प्रथम, हिसार द्वितीय, अग्रोहा, बरवाला व आदमपुर में सरकारी स्कूल में पढ़ रहे 1 से 12वीं कक्षा के जरूरतमंद विद्यार्थियों को विद्यार्थी निश्शुल्क परिवहन योजना का लाभ नहीं मिल पाया है। जबकि शिक्षा निदेशालय ने खुद पत्र जारी कर उपरोक्त पांचों खंडों में विद्यार्थी निशुल्क परिवहन योजना शुरू करने के आदेश जारी किए थे।
लेकिन ये आदेश कागजों तक ही सिमट कर रह गए। दबी जुबान में अधिकारी बजट न होने की बात कह रहे हैं। खास बात है कि उकलाना खंड के सरकारी स्कूल में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को किश्तों में विद्यार्थी निश्शुल्क परिवहन योजना का लाभ मिल रहा है। बता दें कि हिसार जिले में एकमात्र उकलाना खंड में ही उपरोक्त योजना चल रही है। जिसमें पहली से 12वीं कक्षा के 1158 विद्यार्थी ही योजना का लाभ उठा रहे हैं।
यह है विद्यार्थी परिवहन योजना
योजना के अंतर्गत पहली से 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों को निश्शुल्क वाहन की सुविधा दी जाती है। खास बात है कि ऐसे विद्यार्थियों को यह सुविधा मिलती है, जिनके घर से स्कूल की दूरी एक किलोमीटर या फिर इससे अधिक है। जो स्कूल जाने में सक्षम नहीं है। ऐसे विद्यार्थियों को विद्यार्थी परिवहन योजना की सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए शिक्षा विभाग रूट मैप तैयार कर वाहन हायर करता है।
27 जून 2025 को निदेशक ने मांगी थी विद्यार्थियों की रिपोर्ट
27 जून 2025 को शिक्षा निदेशालय में सीनियर सेकेंडरी निदेशक ने हिसार डीईओ की वीसी के जरिए मीटिंग ली थी। जिसमें आला अधिकारी ने आदेश दिए थे कि वे जिला स्तर पर सभी खंडों के विद्यार्थियों की लिस्ट बनाकर भेजें, जिनके गांव से स्कूल की दूरी एक किलोमीटर या इससे अधिक दूरी पर है। जिसकी रिपोर्ट 15 जुलाई तक मुख्यालय को भेजी गई।
सुशासन सहयोगी ने नहीं लिया कोई फीडबैक
विद्यार्थी निश्शुल्क परिवहन योजना को लेकर मुख्यमंत्री ने भी फीडबैक लिया था। जिस पर सीधे तौर पर जुड़ने के लिए उन्होंने सुशासन सहयोगी को रिपोर्ट अपडेट करने के आदेश दिए। लेकिन सुशासन सहयोगी बदलने के कारण योजना अधर में लटक गई। जब नए सुशासन सहयोगी से अपडेट मामले की जानकारी जुटानी चाही तो उन्होंने इन्कार कर दिया है कि वे अभी अपडेट नहीं है।
उकलाना में 37 वाहनों को किया हुआ है हायर
उकलाना में 37 वाहनों को हायर किया हुआ है। जहां पहली से 12वीं कक्षा तक के 1158 विद्यार्थियों को इसका लाभ मिल रहा है, जिनमें पहली से 5वीं कक्षा के 75, छठी से 8वीं कक्षा के 217 व 9वीं से 12वीं कक्षा के 868 विद्यार्थी शामिल है। उपरोक्त विद्यार्थी ई-रिक्शा व टैम्पो ट्रेवलर व्हीकल में सफर कर विद्यार्थियों तक पहुंच रहे हैं।
हिसार जिला शिक्षा अधिकारी रामरतन ने कहा कि बजट को लेकर अभी असमंजस में है। कागज में समस्त खंडों में शुरू करने के आदेश है मगर जमीन पर केवल उकलाना खंड में सुविधा दी जा रही है। मैं अपडेट लेकर सही जानकारी दे पाऊंगा।