Haryana Roadways: हरियाणा राज्य परिवहन की रोडवेज बस अब कुरुक्षेत्र और खाटू श्याम जी धाम के बीच बस यात्रियों का सफर आसान बनाएगी। प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने खाटू श्याम जी के श्रद्धालुओं की मांग पर कुरुक्षेत्र से खाटू श्याम के लिए सीधी बस शुरू करने की घोषणा की है। बता दें कि हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी कुरुक्षेत्र में रविवार की रात को हुए एक जागरण कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पहुंचे थे। जागरण कार्यक्रम के दौरान एक खाटू श्याम बाबा के श्रद्धालु ने इस बस के शुरू करने हेतु मुख्यमंत्री को मांग पत्र दिया था। श्रद्धालुओं की मांग पर सीएम ने तुरंत मंच से ही कुरुक्षेत्र से खाटू श्याम के लिए नई बस सर्विस शुरू करने की घोषणा कर दी। बता दें कि कुरुक्षेत्र में हुए इस जागरण कार्यक्रम में हरियाणा के मशहूर गायक कन्हैया लाल मित्तल ने भी विशेष प्रस्तुति थी।
मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद शेड्यूल बनाने में जुटा विभाग
रविवार रात को कुरुक्षेत्र में हुए एक जागरण कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर पहुंचे प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की कुरुक्षेत्र और खाटू श्याम के बीच नई बस सर्विस शुरू करने की घोषणा के बाद रोडवेज विभाग द्वारा इस बस के संचालन हेतु रूट और शेड्यूल की तैयारी शुरू कर दी गई है। रोडवेज विभाग के अधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद विभाग द्वारा इस बस के संचालन हेतु रूट और शेड्यूल बनाया जा रहा है। जानकारी के अनुसार कुरुक्षेत्र से खाटू श्याम के लिए इस बस का संचालन नेशनल हाईवे नंबर 152-डी के रास्ते किया जा सकता है। हालांकि अभी बस की समय सारिणी और संचालन का शेड्यूल रोडवेज तैयार नहीं हुआ है। उम्मीद जताई जा रही है कि इसी सप्ताह हरियाणा राज्य परिवहन द्वारा इस बस का संचालन शुरू किया जा सकता है। हरियाणा रोडवेज की इस बस का संचालन शुरू होने से प्रदेश के कुरुक्षेत्र सहित कई जिलों के यात्रियों का खाटू श्याम धाम का सफर आसान हो जाएगा।


