Jind News: हरियाणा प्रदेश के जींद जिले में आज सुबह से बूंदाबांदी हो रही है। जिले के उचाना, जुलाना, सफीदों, जींद और नरवाना सहित पांचों विधानसभा में आज सुबह से अचानक हुए मौसम में बदलाव के बाद कई क्षेत्रों में बूंदाबांदी शुरू हो गई है। चक्रवाती तूफान अर्नब के प्रभाव के चलते प्रदेश के जींद सहित कई जिलों में मौसम विभाग द्वारा पहले ही आज 29 अक्टूबर को मौसम खराब रहने और बारिश होने को लेकर अलर्ट जारी किया गया था।
मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ द्वारा जारी अलर्ट के अनुसार जींद जिले में आज और कल पूरा दिन मौसम खराब रहेगा। इस दौरान ठंडी हवाएं चलने और जींद शहर सहित विभिन्न क्षेत्रों में बूंदाबांदी होने का अनुमान है। विज्ञान विभाग चंडीगढ़ की रिपोर्ट के अनुसार जींद जिले में 31 अक्टूबर से 4 नवंबर तक मौसम साफ रहने और हल्की धूप निकलने का अनुमान है। जिले में इस बारिश के बाद तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी और ठंड बढ़ेगी।
जींद की महिलाओं को देर से दिखेगा आज चांद
जींद जिले में करवा चौथ के व्रत के दिन आज मौसम खराब रहने के कारण महिलाओं को चांद का दीदार देर से हो सकता है। मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार आज देर रात और कल 30 अक्टूबर को भी चक्रवाती तूफ़ान अर्णब के प्रभाव के कारण घने बादल छाए रहने और बारिश होने की संभावना है। आज सुबह से जिले के पीलूखेड़ा, शामलो कलां, मनोहरपुर, जलालपुर कलां, जींद शहर, उचाना हलके के खटकड़ गांव सहित संपूर्ण जिले में ठंडी हवाओं के साथ बूंदाबांदी का दौर जारी है।
उचाना हलके के डूमरखां गांव के किसान विक्रम श्योकंद ने कहा कि बैमोसमी बारिश की वजह से खेतों में पककर तैयार खड़ी किसानों की धान की फसल को नुकसान हो सकता है। वहीं जिले में एक बार फिर भी बैमोसम बारिश की वजह से तापमान में बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। ठंडी हवाओं के चलने से अक्टूबर के महीने में लोगों को दिसंबर जैसी सर्दी का एहसास होने लगा है।


