Haryana Roadways bus : हरियाणा रोडवेज विभाग द्वारा डेरा बाबा राजपुरी के भक्तो को बड़ी राहत दी है। रोडवेज विभाग ने मेले को लेकर पांच स्पेशल बसों का संचालन किया है। बाबा लदाना स्थित डेरा बाबा राजपुरी में लगने वाले तीन दिवसीय मेले में जाने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रोडवेज विभाग स्पेशल बसें चलाएगा। मेले में श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए इस बार 5 स्पेशल बसों का संचालन किया जाएगा।
आज शाम 6 बजे के बाद बसें चलनी शुरू होंगी। श्रद्धालु नया व पुराना बस स्टैंड, चंदाना गेट और मानस रोड से बसों में सवार होकर मेले तक पहुंच सकेंगे। रोडवेज प्रबंधन ने पाडला और मानस गांव में भी बसें रोकने के आदेश जारी किए हैं।
दशहरा पर्व पर लगता है विश्व प्रसिद्ध मेला
जिला मुख्यालय से करीब 12 किलोमीटर दूर बाबा लदाना गांव में दशहरा पर्व पर यह तीन दिवसीय मेला लगता है। मेला दशहरा से शुरू होकर द्वादशी तिथि तक चलता है। इसमें दूर-दराज से श्रद्धालु पहुंचते हैं। गांव में नियमित बस सेवा नहीं होने के कारण मेले के दौरान ही रोडवेज की ओर से स्पेशल बसें चलाई जाती हैं। विभाग श्रद्धालुओं की संख्या और जरूरत के अनुसार बसों का संचालन करेगा।
रावण दहन के बाद रात में डेरे में पहुंचते हैं श्रद्धालु
दशहरा पर रावण दहन के बाद श्रद्धालु रात को ही बाबा लदाना पहुंचना शुरू कर देते हैं। इसलिए शाम 6 बजे के बाद ही बसों का संचालन शुरू किया जाएगा, ताकि श्रद्धालुओं को मेले तक पहुंचने में परेशानी न हो। इसको लेकर रोडवेज के टीएम विपुल कुमार नांदल ने बताया कि बाबा लदाना मेले के लिए हर साल विशेष बसों की व्यवस्था की जाती है। इस बार भी मेले के तीनों दिन जरूरत के अनुसार बसें चलाई जाएंगी। बसें नया व पुराना बस स्टैंड, चंदाना गेट और मानस रोड से भेजी जाएंगी।


