Jaipur Times — जयपुर टाइम्स
देश और दुनियाहर खबर, आपकी भाषा में

भुसावर क्रेशर जोन में फिर बरपा कहर: ट्रेलर की चपेट में आने से मजदूर की दर्दनाक मौत

भुसावर के घाटरी क्रेशर जोन में एक मजदूर की ट्रेलर से कुचलकर मौत हो गई। एक सप्ताह के भीतर यह दूसरी जानलेवा घटना है।

भुसावर। भुसावर के घाटरी क्रेशर जोन क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक हादसा हुआ, जिसमें एक मजदूर की ट्रेलर की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। मृतक उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले के अशरफ नगर का निवासी बताया जा रहा है, जो यहां क्रेशर पर मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहा था। घटना के बाद आरोपी चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया, जिससे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।

सूचना मिलने पर भुसावर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। हेड कांस्टेबल थानसिंह ने बताया कि शव को मलबे और वाहन के नीचे से निकालकर भुसावर राजकीय अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है और उनके पहुंचने के बाद ही पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलर को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश में टीमें जुट गई हैं।

इस घटना ने क्षेत्र में सुरक्षा मानकों की धज्जियां उड़ाने वाले क्रेशर संचालकों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि महज एक सप्ताह पहले ही कारवांन रोड पर एक डंपर ने मां-बेटे को रौंद दिया था। लगातार हो रहे इन हादसों के बावजूद प्रशासन की ओर से गति सीमा या सुरक्षा नियमों को लेकर कोई सख्ती नहीं बरती जा रही है, जिससे भारी वाहनों की बेलगाम रफ्तार पर अंकुश नहीं लग पा रहा है।

घाटरी क्रेशर जोन में सुरक्षा उपकरणों, उचित रोशनी और प्रशिक्षित चालकों के नियमों की घोर अनदेखी की जा रही है। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि क्रेशर संचालक हादसों के बाद मामूली मुआवजा देकर मामलों को दबाने का प्रयास करते हैं। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और क्या चालक की लापरवाही इसमें मुख्य कारण थी। पूरे साल भर में दर्जनों लोगों की जान जाने के बाद अब स्थानीय लोग प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

आगे पढ़ें

ताज़ा खबरें, एक के बाद एक

स्क्रॉल करते रहें, अगली खबर अपने आप खुलेगी।

टीना डाबी और रिया डाबी के बाद सुर्खियों में आईं मंजू-अंजू राजपाल, जानें दोनों IAS बहनों की कहानी