हरियाणा रोडवेज द्वारा राजस्थान के धार्मिक स्थलों के लिए स्पेशल बस सेवा शुरू की जा रही है। राजस्थान के धार्मिक स्थल पर हरियाणा से हजारों की संख्या में श्रद्धालु पूजा अर्चना करने के लिए जाते है। इसलिए प्रत्येक जिले से राजस्थान के लिए स्पेशल बस सेवा की शुरुआत की जा रही है। हरियाणा रोडवेज ने अब सिरसा से सालासर धाम के लिए स्पेशल बस सेवा को शुरू किया है। यह बस सेवा रोजाना सुबह 11:15 बजे सिरसा से वाया नाथूसरी चौपटा-भादरा होते हुए सालासर धाम जाएगी।
हरियाणा रोडवेज की इस बस का हरियाणा के सिरसा जिले के यात्रियों के साथ राजस्थान के यात्रियों को भी इस बस की सुविधा मिलने वाली है। इस बस से राजस्थान के भादरा, अजीतपुरा, चैनपुरा भाड़ा, फतेहपुर के यात्रियों को लाभ मिलने वाला है। इस बस सेवा को चालू करने के लिए यात्रियों द्वारा लंबे समय से मांग की जा रही थी।
यात्रियों की मांग को देखते हुए हरियाणा रोडवेज ने सिरसा बस स्टैंड से इस बस की शुरुआत की है और यह चौपटा होते हुए राजस्थान के क्षेत्र में प्रवेश कर जाएगी। इससे हर माह हरियाणा व राजस्थान के हजारों यात्रियों को सीधा लाभ मिलने वाला है। नाथूसरी चौपटा बस स्टैंड पर बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
इससे चौपटा क्षेत्र और आसपास के गांवों के श्रद्धालुओं को सालासर धाम आने-जाने में सुविधा मिलेगी। बस सेवा शुरू होने पर श्री बाला जी सेवा समिति और चौपटा क्षेत्र के श्रद्धालुओं ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, सिरसा के जिला उपायुक्त, हरियाणा रोडवेज के जीएम, टीएम और रोडवेज कर्मचारियों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि इस बस सेवा से सालासर धाम जाने वाले यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।


