शेखावाटी विश्वविद्यालय में 80वें स्वतंत्रता दिवस पर गूंजा विकसित भारत का संकल्प
सीकर स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय शेखावाटी विश्वविद्यालय में स्वतंत्रता दिवस धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान शहीदों को नमन करते हुए युवाओं को राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरित किया गया।

सीकर। सीकर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय शेखावाटी विश्वविद्यालय में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह अत्यंत उत्साह और गरिमा के साथ आयोजित किया गया। ध्वजारोहण के उपरांत आयोजित मुख्य कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और सम्मान समारोह का आयोजन हुआ। समारोह के मुख्य अतिथि 3 राज एनसीसी बटालियन के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल जगदीप सिंह लांबा थे, जबकि अध्यक्षता कुलपति प्रो. अनिल कुमार राय ने की। कार्यक्रम की शुरुआत में अतिथियों ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा और शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर वीर शहीदों को श्रद्धांजलि दी।
मुख्य अतिथि कर्नल जगदीप सिंह लांबा ने अपने संबोधन में कहा कि देश की आजादी लाखों देशभक्तों के त्याग और बलिदान का परिणाम है। उन्होंने विद्यार्थियों का आह्वान किया कि वे राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखें और अपने जीवन में अनुशासन तथा राष्ट्रप्रेम को आधार बनाएं। उन्होंने कहा कि देश के लिए प्राण न्योछावर करने वाले वीरों का बलिदान हमें सदैव देश की सेवा के लिए प्रेरित करता रहेगा।
कुलपति प्रो. अनिल कुमार राय ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि संकल्प लेने का पर्व है। उन्होंने विकसित भारत-2047 के सपने को साकार करने के लिए युवाओं को शिक्षा, अनुसंधान और नवाचार के प्रति समर्पित होने का संदेश दिया। प्रो. राय ने कहा कि विश्वविद्यालय के लिए विद्यार्थी सर्वोपरि हैं और उनके चरित्र निर्माण से ही समाज में सकारात्मक बदलाव संभव है।
सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान सीए सुभाष मिश्रा ने देशभक्ति गीतों से समां बांधा, वहीं विद्यार्थियों ने योग और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। समारोह में विश्वविद्यालय के उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों, सुरक्षा प्रहरियों और स्वच्छता सेवकों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन मीडिया प्रभारी डॉ. महेश चंद गुप्ता ने किया और कुलसचिव श्वेता यादव ने धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर परीक्षा नियंत्रक प्रो. राजेंद्र सिंह, उपकुलसचिव रामसिंह सरावग, डॉ. रामचरण मीणा, कन्हैया लाल जांगिड़, पंकज मील सहित अनेक शिक्षक, कर्मचारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। स्थानीय समाजसेवियों और ग्रामीणों की उपस्थिति ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।
प्रतिक्रियाएं
टिप्पणियां
अभी कोई स्वीकृत टिप्पणी नहीं है।
