अलवर। विधानसभा आम चुनाव 2023 की तैयरियों को दृष्टिगत रखते हुए जिला कलक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी पुखराज सेन व पुलिस अधीक्षक आनन्द शर्मा ने कठूमर व राजगढ़-लक्ष्मणगढ़ विधानसभा क्षेत्र के मतदान केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया एवं आमजन से कानून व्यवस्था का फीडबैक लिया।
जिला कलक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने निरीक्षण के दौरान आमजन से बातचीत कर कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार निष्पक्ष, भयमुक्त व शांतिपूर्वक चुनाव प्रक्रिया संपन्न कराने में जिला प्रशासन व पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार के दबाव, प्रलोभन आदि की चुनाव से जुड़ी सूचना को स्थानीय व जिला प्रशासन व पुलिस को साझा करें। संबंधित व्यक्ति की सूचना गोपनीय रखी जावेगी तथा असामाजिक तत्वों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने मतदान केंद्रों पर बीएलओ को निर्देश दिए की कोई भी मतदाता मतदान से वंचित नहीं रहे इसलिए सभी पात्र व्यक्तियों के नाम मतदाता सूची में जोड़े । मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्य को गंभीरता के साथ सम्पादित करे। उन्होंने उपखंड अधिकारियों को निर्देश दिए कि मतदान केंद्रो पर सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर लेंवे। मतदान जागरूकता गतिविधियां व्यापक रूप से करावे जिसमें आमजन की भागीदारी सुनिश्चित करें। उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत कर सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन का फीडबैक लिया। ग्रामीणों ने अवगत कराया कि योजनाओं का लाभ उन्हें मिल रहा है। इस दौरान उन्होंने खेड़ली, खेड़ली रेल, झालाटाला, टिटपुरी, हरसाना, धौलागढ़, कांकरोली, राजपुर, झाकडा के मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान संबंधित अधिकारी व बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
अलवर

