Haryana News: हरियाणा प्रदेश की यूपी से सड़क कनेक्टिविटी मजबूत करने के लिए सरकार द्वारा नई सड़क का निर्माण किया जाएगा। बता दें कि हरियाणा से साथ लगते राज्य उत्तर प्रदेश की रोड कनेक्टिविटी बढ़ाने के लिए सरकार ने एक महत्वपूर्ण परियोजना को मंजूरी दी है। इसके तहत हरियाणा के पलवल जिला के होडल में भुलवाना गांव को उमराला गांव से जोड़ने वाली सड़क को दोबारा बनाया जाएगा। यह सड़क फिलहाल जर्जर हालत में है।
इस सड़क का निर्माण मार्केटिंग बोर्ड द्वारा करवाया जाएगा और इस पर 1 करोड़ रुपये की लागत आएगी। इससे करीब 2 किलोमीटर लंबी सड़क बनाई जानी है। इसके लिए मार्केटिंग बोर्ड द्वारा प्रस्ताव तैयार किया गया है और इसको अब मंजूरी के लिए उच्च अधिकारियों को भेजा गया है। अब बोर्ड के निर्माण विभाग को मुख्यालय से प्रस्ताव को स्वीकृति मिलने का इंतजार है। इसके बाद इस सड़क के निर्माण की टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
यह रास्ता उत्तर प्रदेश सीमा से जुड़ा हुआ है। ग्रामीणों द्वारा पिछले कई सालों से इसको दोबारा बनाने की मांग की जा रही थी। वहीं केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने भी गांव में विकास कार्यों के उद्घाटन एवं शिलान्यास के कार्यक्रम में इस सड़क को पक्का करवाने के लिए घोषणा की थी।
इस परियोजना के तहत अब मार्केटिंग बोर्ड द्वारा निर्माण कार्य किया जाएगा और यह भुलवाना गांव के मुख्य चौक से उमराला गांव के रास्ते को जोड़ेगा। इस रास्ते पर जगह-जगह गहरे गड्ढे बने हुए हैं। हालत ऐसी है कि इस पर वाहन तो क्या पैदल भी लोग नहीं चल पा रहे हैँ। अब उझीना ड्रेन तक इस रास्ते को हरियाणा सरकार बनवा रही है। क्योंकि इससे आगे की सीमा शुरू हो जाती है। यह रास्ता पक्का होने के बाद सीधा मथुरा जिले गांवों से रोड कनेक्टिविटी बेहतर होगी।
किसानों के लिए महत्वपूर्ण रास्ता
यह रास्ता वाहन चालकों के साथ-साथ किसानों के लिए भी काफी अहम है। क्योंकि हरियाणा व उत्तर प्रदेश के किसान इस रास्ते का प्रयोग खेतों में जाने के लिए करते हैं। इस सड़क से मुख्य रूप से उमराला, कोटवन, कामर, कोसीकलां, बठैन और दहगांव जैसे दर्जनों गांवों का जुड़ाव है।


