Jaipur Times — जयपुर टाइम्स
देश और दुनियाहर खबर, आपकी भाषा में

उदयपुर में एलिवेटेड रोड पर एक साथ दौड़ेंगी 3 गाड़ियां, 86 पिलर तैयार, नीचे बनेगी पार्किंग

उदयपुर में एलिवेटेड रोड पर एक साथ दौड़ेंगी 3 गाड़ियां, 86 पिलर तैयार, नीचे बनेगी पार्किंग

Elevated Road Project : राजस्थान के उदयपुर शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को नया रूप मिलने वाला है। उदयपुर शहर की ट्रैफिक व्यवस्था जल्द ही पटरी पर नजर आएगी और इससे शहर के लोगों के साथ बाहर से आने वाले पर्यटकों को भी लगने वाले जाम से राहत मिलेगी। इसके लिए राजस्थान सरकार द्वारा एलिवेटेड रोड बनाया जा रहा है और यह एलिवेटेड रोड अब जमीन से ऊपर आकार लेने लगा है।

रेलवे स्टेशन से कलक्टर बंगले तक 2.7 किलोमीटर लंबे इस प्रोजेक्ट में 115 पिलर खड़े किए जाने हैं। इनमें से 86 पिलर तैयार हो चुके हैं। 78 पिलर पियर कैप सहित ऊपरी स्तर तक पहुंच चुके हैं, जबकि 114 स्लैब में से 51 की छत डाली जा चुकी है। यानी एलिवेटेड रोड का आधे से ज्यादा स्ट्रक्चर तैयार हो चुका है। अब निर्माण के साथ-साथ इस पूरे कॉरिडोर को व्यवस्थित और उपयोगी बनाने की कवायद भी शुरू हो गई है।

खास बात यह होगी कि एलिवेटेड रोड के 115 पिलर को केवल निर्माण का आधार नहीं, बल्कि शहर के अलग-अलग क्षेत्रों की पहचान के रूप में विकसित किया जाएगा। जयपुर की तर्ज पर प्रत्येक पिलर पर 1 से 115 तक नंबर डाले जाएंगे। इससे रेलवे स्टेशन से कलक्टर बंगले तक किसी भी स्थान की पहचान बताना आसान होगा।

संबंधित पिलर नंबर के आधार पर लोग अपने क्षेत्र, आसपास की लोकेशन और रास्ते की जानकारी दे सकेंगे। पूर्व में हुए टेंडर के अनुसार पिलर के आसपास डिवाइडर बनाकर प्लांटेशन भी प्रस्तावित है। इससे एलिवेटेड रोड के नीचे के हिस्से को व्यवस्थित और हरियालीयुक्त बनाने की योजना है। लेकिन इसी हिस्से पर निगम एलिवेटेड रोड़ के नीचे व्यवस्थित पार्किंग विकसित करने की योजना बना रहा है।

मुख्य सड़क होने से पार्किंग के लिए जगह निकालना आसान नहीं होगा। डिवाइडर बनने से सड़क की उपलब्ध चौड़ाई कम होगी तीन गाड़ियां एक साथ निकल सकेंगी एलिवेटेड रोड का निर्माण रेलवे स्टेशन से शुरू होकर उदियापोल, देहलीगेट और कोर्ट चौराहे होते हुए कलक्टर बंगले तक किया जा रहा है।

एलिवेटेड रोड की चौड़ाई आउटर टू आउटर 12 मीटर रखी गई है। इस पर एक साथ तीन गाड़ियां निकल सकेंगी। इसकी ऊंचाई भी तकनीकी मानकों के अनुसार तय की गई है और किसी भी स्थान पर न्यूनतम साढ़े पांच मीटर से कम नहीं रखी गई है। कोर्ट चौराहे की तरफ इसका उतराव होगा।

तकनीकी खामियां होगी दूर

एलिवेटेड रोड के निर्माण के साथ इसके आसपास के प्रमुख चौराहों और उतरने वाले मार्गों की व्यवस्था को लेकर भी नगर निगम सक्रिय हुआ है। महापौर पारस सिंघवी और निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना ने सोमवार को रेलवे स्टेशन से कलक्टर बंगले तक पूरे मार्ग का निरीक्षण किया। देहलीगेट पर एलिवेटेड रोड से नीचे उत्तरने वाले आर्म के प्रस्तावित स्थानों का विशेष रूप से निरीक्षण किया गया। यहां उपलब्ध जगह, मौजूदा यातायात दबाव और उतरने वाले वाहनों की आवाजाही को लेकर अधिकारियों से जानकारी ली।

इस चौराहे पर पर होगा बदलाव

उदियापोल चौराहे पर भी बदलाव की तैयारी है। यहां सड़क चौड़ी करने की संभावनाओं के तहत पेड़ हटाने की कार्रवाई पर विचार करने के निर्देश दिए गए। साथ ही मुख्य चौराहे पर बने सर्कल को थोड़ा छोटा कर व्यवस्थित स्वरूप देने के लिए नया टेंडर जारी कर काम जल्द कराने को कहा गया। चौराहों पर चारों तरफ लगे अनावश्यक बोर्ड हटाने और यातायात में बाधा बन रही अनुपयोगी सामग्री को तत्काल हटाया जाएगा।

महापौर पारस सिंघवी ने निरीक्षण के दौरान व्यवस्थित पार्किंग के रूप में विकसित करने की बात कही। इसके लिए अभी से नियोजन करने के एलिवेटेड के नीचे उपलब्ध स्थान को निर्देश दिए गए हैं। जहां-जहां गर्डर स्थापित हो चुके हैं, वहां नीचे रखी निर्माण सामग्री और अनुपयोगी सामान हटाकर जगह खाली कराने को कहा गया है। एलिवेटेड रोड के नीचे लगे टीन शेड भी हटाए जाएंगे। महापौर ने कार्यकारी एजेंसी को निर्माण कार्य में तेजी लाने के साथ गुणवत्ता का पूरा ध्यान रखने को कहा।

आगे पढ़ें

ताज़ा खबरें, एक के बाद एक

स्क्रॉल करते रहें, अगली खबर अपने आप खुलेगी।

मिस्र की सड़कों पर अब दिखेगा भारतीय तकनीक का दम, इको भारत ने काहिरा में किया बड़ा समझौता