Haryana Uttar Pradesh Connectivity : राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण यानी एनएचएआई ने हरियाणा व यूपी की बेहतरीन कनेक्टिविटी के लिए बड़े प्रोजेक्ट की मंजूरी दी है। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने सोशल मीडिया के माध्यम से 1123.56 करोड़ रुपए के प्रोजेक्ट की मंजूरी दी गई है। इस प्रोजेक्ट के तहत हरियाणा के फरीदाबाद, पलवल जिलों व उत्तर प्रदेश के मथुरा और आगरा जिलों के बीच में सीधी सुपरफास्ट कनेक्टिविटी होने वाली है।
एनएचएआई द्वारा राष्ट्रीय राजमार्ग-44 और राष्ट्रीय राजमार्ग-19 के दिल्ली-आगरा खंड पर रोड ओवर ब्रिज (ROB), फ्लाईओवर और व्हीकल अंडरपास (VUP) के निर्माण की घोषणा की है। इस प्रोजेक्ट पर 1123.56 करोड़ रुपए की लागत आएगी और इस काम को पूरा करने के लिए एनएचएआई द्वारा डीपीआर पहले ही तैयार की जा चुकी है। अब इस काम के लिए एनएचएआई द्वारा टेंडर की प्रक्रिया को पूरा किया जाएगा।
दिल्ली-आगरा कारिडोर पर 11 नए स्ट्रक्चर बनेंगे
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने बताया कि हरियाणा व यूपी के वाहन चालकों को राहत देने के लिए दिल्ली-आगरा कॉरिडोर पर 11 नए स्ट्रक्चर बनाए जाएंगे। इस मार्ग पर विभिन्न स्थानों पर तीन आरओबी, चखर फ्लाईओवर तथा चार वीयूपी का निर्माण किया जाएगा।
11 नए स्ट्रक्चर से परियोजना से दिल्ली आगरा कारिडोर पर फरीदाबाद, पलवल, मथुरा व आगरा से बेहतर कनेक्टिविटी होगी और इस मार्ग पर ट्रैफिक कंट्रोल करने की क्षमता बढ़ेगी। केंद्रीय मंत्री ने बताया कि फिलहाल इस कारिडोर से प्रतिदिन 68000 पैसेंजर कार यूनिट्स (PCU) का आवागमन रहता है।
11 नए स्ट्रक्चर से क्रासिंग की समस्या होगी दूर
केंद्र सरकार द्वारा घोषित किए गए 11 नए स्ट्रक्चर के बाद क्रासिंग व चौराहों पर लगने वाली भीड़ से राहत मिलेगी और दिल्ली आगरा कारिडोर पर ट्रैफिक बिना किसी रुकावट के आगे चलता रहेगा। रोड ओवर ब्रिज (ROB) के निर्माण से रेलवे क्रॉसिंग पर होने वाली देरी खत्म होगी। मौजूदा पुलों और सड़क-स्तर के चौराहों पर होने वाली भीड़भाड़ और सुरक्षा संबंधी चिंताओं का समाधान होगा।
फ्लाईओवर, व्हीकल अंडरपास (VUP) और हल्के वाहनों के लिए अंडरपास (LVUP) जैसी ग्रेड-सेपरेटेड संरचनाओं के विकास, और साथ ही सर्विस रोड के निर्माण से स्थानीय ट्रैफिक और गुजरने वाले ट्रैफिक (through traffic) अलग-अलग हो जाएंगे। इससे टकराव के बिंदु (conflict points) कम होंगे और सड़क सुरक्षा में सुधार होगा।


