झुंझुनूं। राजस्थान युवा कांग्रेस द्वारा आयोजित किए जा रहे युवा विरासत महोत्सव को लेकर झुंझुनूं जिले में तैयारियां जोरों पर हैं। इस महोत्सव के पोस्टर का विमोचन सांसद बृजेंद्र सिंह ओला, मंडावा विधायक रीटा चौधरी और सूरजगढ़ विधायक श्रवण कुमार की उपस्थिति में किया गया। इस दौरान आयोजन की रूपरेखा और जिलेभर में कार्यक्रमों के विस्तार को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। यह महोत्सव 19 नवंबर तक पंडित जवाहरलाल नेहरू और इंदिरा गांधी की जयंती के उपलक्ष्य में मनाया जा रहा है।
जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष अंकित फोगाट ने बताया कि यह महोत्सव केवल एक सांस्कृतिक आयोजन नहीं है, बल्कि युवाओं को देश के इतिहास, स्वतंत्रता आंदोलन और लोकतांत्रिक मूल्यों से जोड़ने का एक वैचारिक अभियान है। इस महोत्सव की परिकल्पना पांच प्रमुख विचारों को केंद्र में रखकर की गई है, जिनमें नेहरू-गांधी परिवार का योगदान, संविधान के प्रति जागरूकता, राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भागीदारी और रचनात्मक प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना शामिल है।
महोत्सव के तहत निबंध प्रतियोगिता, भाषण प्रतियोगिता और ओपन माइक जैसे विभिन्न रचनात्मक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन गतिविधियों का उद्देश्य युवाओं को कला, विचार और संवाद के लिए एक साझा मंच उपलब्ध कराना है। आयोजकों का मानना है कि इतिहास से प्रेरणा लेकर ही युवा राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका को बेहतर ढंग से समझ सकते हैं।
इस अभियान की सबसे बड़ी विशेषता इसका विस्तार है। युवा कांग्रेस ने महोत्सव को केवल जिला मुख्यालय या विधानसभा स्तर तक सीमित न रखकर जिले के प्रत्येक बूथ तक ले जाने का संकल्प लिया है। इस प्रयास का उद्देश्य अधिक से अधिक युवाओं की सहभागिता सुनिश्चित करना है। पोस्टर विमोचन के दौरान विद्यार्थी भवन में कांग्रेस जिलाध्यक्ष रीटा चौधरी के साथ युवा कांग्रेस के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
सांसद बृजेंद्र सिंह ओला के अरड़ावता स्थित आवास और सूरजगढ़ विधानसभा क्षेत्र में भी विधायक श्रवण कुमार की उपस्थिति में पोस्टर का विमोचन किया गया। जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष अंकित फोगाट ने जिले के सभी युवा साथियों से इस महोत्सव में बढ़-चढ़कर भाग लेने और इसे सफल बनाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन युवाओं के वैचारिक विकास के लिए एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।


