Peanut Rate Hike: दीपावली के बाद मूंगफली की कीमतों में जबरदस्त तेजी देखने को मिली है। गुरुवार को रतलाम की कृषि उपज मंडी में नए व्यापारिक सत्र की शुरुआत हुई। इस दौरान मूंगफली के दाम 9300 रुपए प्रति क्विंटल तक पहुंच गए। शुभ मुहूर्त में कृष्णा शांति ट्रेडिंग ने प्याज 4011 रुपए प्रति क्विंटल के भाव से खरीदा। इसके साथ ही मंडी में नए सीजन का कारोबार शुरू हुआ। पहले दिन कुल 53,483 बोरी उपज की आवक दर्ज हुई।
रतलाम मंडी परिसर में मूंगफली के ढेर नजर आए, वहीं सोयाबीन और प्याज की नीलामी में व्यापारियों की भीड़ रही। मुहूर्त की खरीदी के साथ मंडी में व्यापारिक गतिविधियां फिर शुरू हो गईं। मंडी सचिव लक्ष्मण सिंह ठाकुर ने बताया कि शुक्रवार को भी नीलामी होगी। इसके बाद दूसरे शनिवार और रविवार को अवकाश के कारण मंडी में दो दिन नीलामी बंद रहेगी।
मुहूर्त की नीलामी में आकोदड़ा के किसान भेरूलाल की प्याज 3436 रुपए प्रति क्विंटल में खरीदी गई। सोयाबीन का मुहूर्त सौदा 7101 रुपए प्रति क्विंटल रहा। वहीं कुचड़ौद के किसान संजय जैन की मूंगफली 9300 रुपए प्रति क्विंटल में बिकी। दीपावली के बाद मंडी में कारोबार शुरू होने से किसानों और व्यापारियों की आवाजाही बढ़ी। आने वाले दिनों में किसानों की नजर सोयाबीन की आवक व बाजार भाव पर रहेगी।
लहसुन की 16 हजार, मूंगफली की 12 हजार बोरी की आवक
मंडी के 12 नवंबर के आंकड़ों के अनुसार कुल 53,483 बोरी उपज की आवक हुई। इसमें सोयाबीन की 4505, लहसुन की 16 हजार और मूंगफली की 12 हजार बोरी शामिल हैं। सोयाबीन के भाव 5600 से 7204 रुपए और मॉडल भाव 6400 रुपए रहे। लहसुन के भाव 5100 से 25,500 रुपए, मॉडल भाव 15,300 रुपए रहे। मूंगफली के भाव 6000 से 8500 रुपए और मॉडल भाव 7250 रुपए प्रति क्विंटल दर्ज हुए।
ई-मंडी एप से खुद बना सकेंगे प्रवेश पर्ची
मंडी में किसानों को अब मुख्य गेट पर प्रवेश पर्ची के लिए लाइन में नहीं लगना पड़ेगा। किसान प्ले स्टोर से ई-मंडी एप डाउनलोड कर रजिस्ट्रेशन या लॉगिन के बाद ऑनलाइन प्रवेश पर्ची बना सकेंगे। पर्ची क्यूआर कोड के साथ मिलेगी। मंडी प्रशासन ने किसानों से इस सुविधा का उपयोग करने की अपील की है।


