Marwar Rail Corridor : रेलवे विभाग द्वारा राजस्थान के प्रत्येक हिस्से से ट्रेन से जोड़ने के लिए नया नेटवर्क खड़ा किया जा रहा है। जो रेलवे ट्रैक पहले बन चुके है, उनको मजबूत किया जा रहा है और उन पर चलने वाली ट्रेनों की स्पीड को बढ़ाने के लिए उसी तकनीकी से तैयार किया जा रहा है।
रेलवे ने इस योजना से मारवाड़ के रेल कॉरिडोर को डबल स्टेक कंटेनर ट्रेनों के सुरक्षित और सुचारू संचालन के लिहाज से मजबूत बनाया जा रहा है। इसी दिशा में समदड़ी-भीलड़ी रेलखंड पर ट्रैक नवीनीकरण का बड़ा काम पूरा किया गया है। करीब 220 किलोमीटर रेलखंड में पुरानी 52 किलो की रेल को हटाकर 60 किलो की मजबूत रेल बिछाई गई है। यह काम महज 19 महीने में पूरा किया गया है। इससे रेलपथ की भार सहने की क्षमता और संरक्षा को मजबूती मिलेगी।
रेलवे के अनुसार मार्च 2025 में शुरू किए गए इस नवीनीकरण कार्य में रेल बदलने के साथ ट्रैक से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण कार्य भी किए गए हैं। आठ गर्डर पुलों पर ब्रिज चैनल स्लीपर और रेल का नवीनीकरण किया गया। इसके अलावा 16 यार्ड में टर्नआउट और स्लीपर बदले गए। रेलखंड पर चार हजार कैजुअल स्लीपर भी बदले गए हैं। ट्रैक सुधार का असर ट्रेनों की गति पर भी दिखाई देने लगा है।
करीब 100 किलोमीटर हिस्से में अधिकतम गति 100 से बढ़ाकर 110 किलोमीटर प्रति घंटा कर दी गई है। शेष 120 किलोमीटर हिस्से में भी दिसंबर 2026 तक गति बढ़ाने का लक्ष्य रखा गया है।
ट्रैक की गुणवत्ता में भी सुधार
नवीनीकरण के बाद रेलखंड का ट्रैक क्वालिटी इंडेक्स (टीक्यूआई) 106.20 तक पहुंच गया है। शेष 12 यार्ड में टर्नआउट और एसईजे नवीनीकरण का काम फरवरी 2027 तक पूरा करने का टारगेट है। इससे इस महत्वपूर्ण रेल कॉरिडोर पर यात्री और मालगाडियों के संचालन को अधिक सुरक्षित एवं सुचारू बनाने में मदद मिलेगी।


