Madhya Pradesh Investment : एमपी के शहरों में लगातार निवेश करने वालों की संख्या बढ़ रही है। इसके कारण शहरों के साथ आसपास के क्षेत्र तेजी से विकास कर रहा है। अब एमपी के चंबल अंचल के औद्योगिक नक्शे पर निवेश की नई इबारत लिखने की तैयारी है। मालनपुर-घिरोंगी सहित प्रदेश के विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों में 14 नई इकाइयां स्थापित होने जा रही हैं।
मध्यप्रदेश औद्योगिक विकास निगम (एमपीआइडीसी) की ओर से आयोजित ऑनलाइन नीलामी में 14 औद्योगिक भूखंडों के लिए 14 इकाइयां सफल बोलीदाता के रूप में चुनी गई है। नियमानुसार आवंटन प्रक्रिया पूरी होने के बाद इन भूखंडों पर औद्योगिक गतिविधियां शुरू हो सकेंगी। नए निवेश से खाद्य प्रसंस्करण, सिलिका जेल निर्माण, रेडीमेड गारमेंट और अन्य विनिर्माण गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी बढ़ सकते हैं।
एमपीआइडीसी ने औद्योगिक निवेश को बढ़ावा देने के लिए मालनपुर-घिरोंगी, फूड पार्क मालनपुर, औद्योगिक क्षेत्र पिपरसेवा और रेडीमेड गारमेंट पार्क में भूखंडों की ऑनलाइन नीलामी आयोजित की थी। इसमें एडवांस एज पावर सॉल्यूशंस, ऑप्सन्स लाइफस्टाइल एलएलपी, गर्ग केमिकल कंपनी और रसवेदा फूड एंड एग्रो सहित कुल 14 इकाइयों ने सबसे ऊंची बोली लगाई। अब आवंटन प्रक्रिया पूरी होने के बाद इन भूखंडों पर इकाइयां स्थापित करने का रास्ता साफ होगा।
एमपीआइडीसी की कार्यकारी संचालक अनीषा श्रीवास्तव ने बताया, मालनपुर-घिरोंगी सहित विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों में 14 इकाइयों का सफल बोलीदाता के रूप में चयन निवेशकों के बढ़ते विश्वास को दर्शाता है। इन इकाइयों को नियमानुसार भूखंड आवंटित किए जाएंगे।
मालनपुर बन रहा निवेश का नया ठिकाना
मालनपुर औद्योगिक क्षेत्र में निवेश की गतिविधियां पहले से ही गति पकड़ रही हैं। यहां एलिक्सर ने उत्पादन शुरू कर दिया है, जबकि एसएंडडी ने अपनी औद्योगिक इकाई का निर्माण कार्य शुरू कर दिया है। इसके अलावा वर्डिनिटी प्राइवेट लिमिटेड और सीबीएम इंजीनियरिंग जैसी कंपनियां भी यहां निवेश की दिशा में आगे बढ़ रही हैं। ऐसे में 14 नई इकाइयों का चयन औद्योगिक क्षेत्र के विस्तार और निवेशकों के बढ़ते भरोसे का संकेत है।
निवेश के साथ रोजगार पर भी फोकस
नई इकाइयों के स्थापित होने से औद्योगिक गतिविधियों का दायरा बढ़ेगा। खाद्य प्रसंस्करण और विनिर्माण क्षेत्रों में उत्पादन शुरू होने पर स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर मिल सकेंगे। इसके साथ ही परिवहन, पैकेजिंग, लॉजिस्टिक्स और अन्य सहायक सेवाओं से जुड़े कारोबार को भी बढ़ावा मिलने की संभावना है।
अनिल चौधरी को विभिन्न मीडिया संस्थानों में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव है। उन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत (हरिभूमि हिंदी समाचार पत्र) से प्रिंट मीडिया में की, जहां खबरों की बुनियादी समझ और लेखन की गंभीरता सीखी। इसके बाद उन्होंने अमर उजाला (हिंदी समाचार पत्र) में 7 वर्षों तक कार्य किया। अनिल कुमार की बिजनेस, मनोरंजन, सरकारी योजनाएं और रेलवे से संबंधित खबरों पर मजबूत पकड़ है। वर्तमान में अनिल कुमार डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से अपनी सेवाएं दे रहे हैं।