Haryana News : हरियाणा में किसानों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए हरियाणा सरकार ने एक और नई अनाज मंडी बनाने का फैसला लिया है। यहां पर किसानों को आधुनिक सुविधाओं के साथ-साथ अपने उत्पाद बेचने के लिए अधिक खुली जगह मिलेगी। साथ ही मंडी में उत्पाद लेकर आने वाले किसानों को भीड़ व जाम से भी छुटकारा मिलेगा।
हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा ने इसको लेकर बड़ी घोषणा की है। मंत्री श्याम सिंह राणा का कहना है कि गुरुग्राम जिला के उपमंडल सोहना में नई अनाज मंडी बनाई जाएगी। नई अनाज मंडी बनाने के लिए पलवल रोड पर जमीन चिह्नित करते हुए प्रक्रिया आगे बढ़ाई है।
यहां पर मंडी बनने से किसानों के साथ-साथ आढ़तियों को भी लाभ होगा क्योंकि खुले क्षेत्र में मंडी बनने से किसानों के उत्पाद को मंडी में उतारने से लेकर इसकी लोडिंग तक बेहतर होगी। वहीं किसानों और आढ़तियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।
मंत्री श्याम सिंह राणा सोहना मार्केट कमेटी कार्यालय पहुंचे थे। उन्होंने यहां पर किसानों और आढ़तियों की समस्याएं सुनी। इसके बाद कहा कि किसान और आढ़ती एक परिवार के रूप में काम करते हैं। सरकार की जिम्मेदारी है कि दोनों के हितों की रक्षा की जाए। इसको पुख्ता करते हुए हरियाणा सरकार किसानों की फसल खरीदने के लिए पर्याप्त प्रबंधन कर रही है।
प्रदेश में अधिकतर फसलों की खरीद सरकार न्यूनतम समर्थन मूल्य यानी एमएसपी पर कर रही है। इसके अलावा भावभावांतर योजना से भी किसानों को फसल का उचित भाव दिया जा रहा है। इतना ही नहीं ऑनलाइन प्रक्रिया से किसानों को उनकी फसल का भुगतान समय पर किया जा रहा है। साथ ही यह पूरी प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से हो रही है।
पुरानी मंडी पड़ रही छोटी
इस दौरान मंडी के आढ़तियों ने मंत्री श्याम सिंह राणा को बताया कि सोहना की अनाज मंडी पुरानी होने के कारण छोटी भी पड़ रही है। पीक सीजन में यहां जाम की स्थिति रहती है। इससे जहां किसानों को अपनी फसल उतारने के लिए परेशानी होती है, साथ ही मंडी में जिस फसल की बिक्री हो चुकी है, उसको भी लोड करने में दिक्कत आती है।


