श्रीगंगानगर। दीपावली के त्योहार से ठीक पहले सीआईडी क्राइम ब्रांच ने श्रीगंगानगर में नकली और मिलावटी घी के एक बड़े कारोबार का पर्दाफाश किया है। राज्य सरकार के 'शुद्ध आहार-मिलावट पर वार' अभियान के तहत की गई इस कार्रवाई में दो अलग-अलग फर्मों से कुल 22,138 लीटर नकली एवं संदिग्ध घी जब्त किया गया है। बरामद माल की अनुमानित बाजार कीमत करीब 1.60 करोड़ रुपये आंकी गई है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि गुजरात के सूरत से पाम ऑयल मंगवाकर उसमें केमिकल मिलाकर नकली घी तैयार किया जा रहा है। इसके अलावा, एक्सपायर्ड घी को दोबारा पैक कर उसे शुद्ध गाय का घी बताकर बाजार में खपाया जा रहा था। इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनसे पूछताछ के आधार पर नेटवर्क के अन्य ठिकानों की तलाश की जा रही है।
अनन्या ट्रेडिंग कम्पनी के गोदाम में हुई छापेमारी के दौरान त्रिसल्वा, बांसुरी, श्रीनंद और मायरा जैसे ब्रांडों के नाम से पैक घी बरामद हुआ। जांच में सामने आया कि आरोपी खराब हो चुके माल पर नए रैपर और स्टीकर लगाकर उसे दोबारा बाजार में भेजते थे। मौके से पैकिंग मशीन, गैस भट्टी और 3.50 लाख रुपये की नकदी भी जब्त की गई है।
दूसरी कार्रवाई न्यू विजय ट्रेडिंग कम्पनी पर की गई, जहां से 5,744 लीटर संदिग्ध घी बरामद हुआ। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने इन नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी प्रक्रिया तय की जाएगी। सीआईडी क्राइम ब्रांच और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने इस पूरी कार्रवाई को अंजाम दिया है।
अधिकारियों का कहना है कि आमजन को शुद्ध खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है और मिलावटखोरों के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। फिलहाल पुलिस अन्य गोदामों की भी जांच कर रही है ताकि इस अवैध नेटवर्क की जड़ों तक पहुंचा जा सके।

